रायगढ़ जिले के कोतरारोड़ थाना क्षेत्र में ट्रेलर वाहन की धोखाधड़ी के एक सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने फर्जी नाम और पहचान का इस्तेमाल कर वाहन मालिक से ट्रेलर किराये पर लिया और बाद में उसे लाखों रुपये में बेचकर फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है, जबकि उसका एक साथी अभी भी फरार है।
मामला कोतरारोड़ थाना क्षेत्र के गोरखा गांव का है, जहां निवासी हरदीप सिंह ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, करीब दो वर्ष पहले एक व्यक्ति ने खुद को “राकेश डनसेना” बताकर उनसे संपर्क किया और ट्रेलर वाहन किराये पर लेने की इच्छा जताई। दोनों के बीच प्रति माह 80 हजार रुपये किराया तय हुआ और 7 नवंबर 2024 को बाकायदा किरायानामा भी तैयार किया गया।
भरोसा जीतने के लिए आरोपी ने एचडीएफसी बैंक का हस्ताक्षरयुक्त ब्लैंक चेक भी वाहन मालिक को दिया। लेकिन कुछ ही दिनों बाद आरोपी का मोबाइल बंद हो गया। न तो किराया मिला और न ही वाहन वापस किया गया। जब हरदीप सिंह ने अपने स्तर पर जांच की, तो पता चला कि खुद को राकेश डनसेना बताने वाला व्यक्ति वास्तव में ग्राम गहलोई निवासी सुदामा प्रधान उर्फ छोटू है।
शिकायत के आधार पर कोतरारोड़ थाना में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर थाना प्रभारी निरीक्षक शील आदित्य सिंह के नेतृत्व में आरोपी की तलाश तेज की गई।
जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी सुदामा प्रधान ने अपने साथी गुरप्रीत सिंह के साथ मिलकर पूरी साजिश रची थी। गुरप्रीत सिंह ने वाहन मालिक को एनटीपीसी लारा में ट्रेलर चलाने का झांसा दिया, जबकि सुदामा प्रधान ने फर्जी पहचान बनाकर किराये का सौदा तय किया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि ट्रेलर वाहन क्रमांक CG 15 AC 4476 को फर्जी दस्तावेजों के आधार पर अपने कब्जे में लेने के बाद रायपुर ले जाया गया, जहां हार्स और ट्राला समेत उसे 5 लाख 20 हजार रुपये में बेच दिया गया। बिक्री से मिली रकम दोनों आरोपियों ने आपस में बांट ली।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि वाहन को रायपुर स्थित एक डिस्पोजल गोदाम में काट दिया गया था। गोदाम संचालक बिलाल खां की मृत्यु हो चुकी है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने वाहन चोरी और मोबाइल चोरी की अन्य घटनाओं में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है, जिनकी अलग से जांच की जा रही है।
फिलहाल पुलिस ने मुख्य आरोपी सुदामा प्रधान उर्फ छोटू (28 वर्ष) निवासी ग्राम गहलोई, थाना पुसौर, जिला रायगढ़ को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। वहीं सह आरोपी गुरप्रीत सिंह की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर मामले का पूर्ण खुलासा किया जाएगा।