Meta Pixel

भारतमाला घोटाला: धमतरी में ठेकेदार दीपेश गांधी के घर ED का छापा, मुआवजा घोटाले की जांच तेज

Spread the love

भारत माला परियोजना से जुड़े कथित मुआवजा घोटाले की जांच कर रही प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मंगलवार को धमतरी में बड़ी कार्रवाई की। ED की टीम ने धमतरी के आमापारा स्थित ठेकेदार दीपेश गांधी के निवास पर दबिश दी। सुबह से ही टीम घर के भीतर जांच में जुटी रही, जबकि बाहर CRPF के जवानों की तैनाती की गई।

जानकारी के अनुसार, भारतमाला परियोजना के तहत भूमि अधिग्रहण मुआवजे में कथित अनियमितताओं और धोखाधड़ी की जांच के सिलसिले में यह कार्रवाई की गई है। इससे पहले भी ED धमतरी, कुरूद और अभनपुर समेत कई स्थानों पर छापेमारी कर चुकी है।

मुआवजा घोटाले की जांच में बड़ा खुलासा

इससे पहले ED ने रायपुर के अभनपुर निवासी जय प्रकाश गांधी को मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम अधिनियम (PMLA), 2002 के तहत गिरफ्तार किया था। जांच की शुरुआत छत्तीसगढ़ ACB/EOW द्वारा दर्ज FIR के आधार पर की गई थी, जिसमें भारतमाला परियोजना के तहत भूमि अधिग्रहण मुआवजे में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी के आरोप लगाए गए थे।

ज्यादा मुआवजा पाने के लिए जमीन के टुकड़े करने का आरोप

ED की जांच में सामने आया कि आरोपियों ने कथित तौर पर अधिग्रहित भूमि को 500 वर्गमीटर से कम के छोटे-छोटे हिस्सों में बांटकर अधिक मुआवजा हासिल करने की योजना बनाई। आरोप है कि इस प्रक्रिया में कुछ सरकारी कर्मचारियों की भी मिलीभगत थी।

56 लाख की जगह हासिल किए 9.83 करोड़ रुपये

जांच एजेंसी के मुताबिक, आरोपियों को वास्तविक रूप से लगभग 56.76 लाख रुपये का मुआवजा मिलना था, लेकिन कथित तौर पर उन्होंने करीब 9.83 करोड़ रुपये प्राप्त कर लिए। इस तरह लगभग 9.27 करोड़ रुपये की अवैध कमाई (Proceeds of Crime) अर्जित की गई।

ED का दावा है कि इस राशि को बाद में शेयर, म्यूचुअल फंड और अन्य वित्तीय साधनों में निवेश कर छिपाने की कोशिश की गई।

पहले भी हो चुकी है छापेमारी

इस मामले में ED ने इससे पहले 28 अप्रैल 2026 को रायपुर, अभनपुर और धमतरी में कई ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया था। उस दौरान एजेंसी ने कई दस्तावेज, डिजिटल डिवाइस और अन्य अहम सबूत जब्त किए थे।

फिलहाल, दीपेश गांधी के घर चल रही कार्रवाई के बाद मामले में नए खुलासों की संभावना जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *