फ्रांस के एवियन में आयोजित G7 समिट 2026 के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वैश्विक एकजुटता, समुद्री सुरक्षा और नई वैश्विक साझेदारी की आवश्यकता पर जोर दिया। पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष और होर्मुज स्ट्रेट में बढ़ते तनाव के बीच पीएम मोदी ने भारतीय नागरिकों और नाविकों की सुरक्षा का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। इस दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी मौजूद थे।
नाविकों की सुरक्षा पर भारत की चिंता
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि समुद्री व्यापार दुनिया की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और इसे सुरक्षित रखना सभी देशों की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने होर्मुज स्ट्रेट में तनाव के कारण भारतीय नागरिकों और नाविकों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए अंतरराष्ट्रीय समुदाय से समुद्री मार्गों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि दुनिया को यह सुनिश्चित करना होगा कि नाविक बिना किसी भय और खतरे के अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर सकें।
‘ग्लोबल साउथ’ को सहायता नहीं, समान साझेदारी चाहिए
G7 समिट के हाई लेवल वर्किंग सेशन में पीएम मोदी ने ग्लोबल साउथ देशों की आवाज बुलंद करते हुए कहा कि विकासशील देश अब केवल सहायता के आकांक्षी नहीं हैं, बल्कि सम्मान और समानता पर आधारित साझेदारी चाहते हैं।
पीएम मोदी ने कहा, “हमें दाता और लाभार्थी वाली सोच से आगे बढ़ना होगा। साझेदारी निर्भरता पर नहीं, बल्कि समानता और सम्मान पर आधारित होनी चाहिए।”
दुनिया की सबसे बड़ी चुनौती है ‘ट्रस्ट डेफिसिट’
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने वैश्विक स्तर पर बढ़ते ‘ट्रस्ट डेफिसिट’ यानी विश्वास की कमी को सबसे बड़ी चुनौती बताया। उन्होंने कहा कि आज दुनिया में संसाधनों की कमी नहीं है, बल्कि देशों के बीच भरोसे का संकट गहराता जा रहा है।
पीएम मोदी ने कहा कि भविष्य की रणनीतिक सफलता तकनीक या खनिज संपदा से नहीं, बल्कि आपसी विश्वास और सहयोग से तय होगी। उन्होंने संघर्षों के समाधान के लिए संवाद और कूटनीति को सबसे प्रभावी रास्ता बताया।
ट्रंप समेत कई नेताओं से हुई मुलाकात
G7 समिट के इतर प्रधानमंत्री मोदी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से संक्षिप्त मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच व्यापार, निवेश और रणनीतिक सहयोग जैसे मुद्दों पर चर्चा की संभावना जताई गई।
इसके अलावा पीएम मोदी ने यूएई, केन्या, मिस्र, दक्षिण कोरिया और जापान के नेताओं से भी मुलाकात की। इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के साथ उनकी गर्मजोशी भरी मुलाकात भी चर्चा का विषय रही।