रायपुर – NEET UG 2026 के री-एग्जाम में शामिल होने वाले परीक्षार्थियों और उनके परिजनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने विशेष इंतजाम किए हैं। परीक्षा के दौरान संभावित यात्री भीड़ को देखते हुए रेलवे ने स्पेशल मेमू और पैसेंजर ट्रेनों के संचालन के साथ ही कई ट्रेनों में अतिरिक्त सामान्य कोच लगाने का निर्णय लिया है।
कोरबा-दुर्ग के बीच चलेंगी स्पेशल ट्रेनें
रेलवे के अनुसार 20 और 21 जून को कोरबा और दुर्ग के बीच चार विशेष मेमू पैसेंजर ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। ये ट्रेनें चांपा, जांजगीर-नैला, अकलतरा, बिलासपुर, भाटापारा, तिल्दा-नेवरा और रायपुर समेत सभी प्रमुख स्टेशनों पर रुकेंगी, जिससे परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में आसानी होगी। इसके अलावा 21 जून को छिंदवाड़ा से नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी के बीच भी एक विशेष मेमू पैसेंजर ट्रेन चलाई जाएगी।
हसदेव एक्सप्रेस का दुर्ग तक विस्तार
परीक्षार्थियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए 21 जून को कोरबा-रायपुर हसदेव एक्सप्रेस को अस्थायी रूप से दुर्ग तक विस्तारित किया गया है। वहीं दुर्ग से कोरबा के लिए भी हसदेव एक्सप्रेस की सुविधा उपलब्ध रहेगी। हालांकि कोरबा और रायपुर के बीच ट्रेन के निर्धारित समय में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
10 ट्रेनों में लगाए जाएंगे 40 अतिरिक्त जनरल कोच
रेलवे प्रशासन ने भीड़ को नियंत्रित करने और यात्रियों को बेहतर सुविधा देने के लिए 10 ट्रेनों में कुल 40 अतिरिक्त सामान्य श्रेणी के कोच लगाने का फैसला किया है। इनमें हसदेव एक्सप्रेस, बिलासपुर-रीवा एक्सप्रेस, रीवा-बिलासपुर एक्सप्रेस, टाटानगर-इतवारी एक्सप्रेस और टाटानगर-बिलासपुर एक्सप्रेस जैसी प्रमुख ट्रेनें शामिल हैं।
रेलवे ने यात्रियों से की अपील
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने परीक्षार्थियों और उनके परिजनों से अपील की है कि वे इन विशेष रेल सेवाओं का लाभ उठाएं और समय से अपने परीक्षा केंद्र तक पहुंचें। रेलवे ने कहा है कि यात्रियों की सुरक्षित, सुगम और आरामदायक यात्रा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। स्पेशल ट्रेनों की समय-सारिणी और ठहराव से जुड़ी विस्तृत जानकारी रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट www.enquiry.indianrail.gov.in पर उपलब्ध है।