Meta Pixel

22 जून से 3 जुलाई तक 7 मेमू ट्रेनें रद्द : यात्रियों को राहत देने कोरबा-बिलासपुर के बीच पैसेंजर बनकर चलेगी छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस

Spread the love

रायपुर – दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल अंतर्गत जांजगीर-नैला स्टेशन पर अप ग्रिड में ऑटो सिग्नलिंग और चौथी लाइन कनेक्टिविटी का कार्य किया जाना है। इस नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य के कारण 22 जून 2026 से 5 जुलाई 2026 तक ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा।

 रेलवे प्रशासन के अनुसार, बिलासपुर-चांपा चौथी लाइन परियोजना के तहत हो रहे इस महत्वपूर्ण अधोसंरचना विकास के कारण यात्रियों की सुरक्षा और कार्य को समय पर पूरा करने के लिए कई ट्रेनों को रद्द करने का निर्णय लिया गया है। इसके अलावा कुछ ट्रेनों को गंतव्य से पहले समाप्त किया जाएगा और कुछ देर से चलेंगी। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे असुविधा से बचने के लिए 139 या एनटीईएस ऐप के माध्यम से ट्रेन की सही स्थिति की जानकारी लेकर ही अपनी यात्रा शुरू करें।

यात्रियों की सुविधा के लिए किए गए हैं विशेष प्रबंध
लगातार लोकल ट्रेनों के रद्द रहने से होने वाली परेशानी को कम करने के लिए रेलवे ने एक्सप्रेस ट्रेनों को पैसेंजर के रूप में चलाने का निर्णय लिया है। 22 जून से 03 जुलाई 2026 के बीच कोरबा से चलने वाली कोरबा-अमृतसर छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस (18237) को कोरबा और बिलासपुर के बीच एक पैसेंजर ट्रेन के रूप में चलाया जाएगा, ताकि स्थानीय यात्री इसका लाभ उठा सकें। इसके अलावा, कोरबा-रायपुर-कोरबा हसदेव एक्सप्रेस (18250/18249 तथा 18252/18251) को भी 22 जून से 03 जुलाई तक कोरबा-बिलासपुर-कोरबा के बीच पैसेंजर ट्रेन के रूप में संचालित किया जाएगा।

ये पैसेंजर और मेमू ट्रेनें रहेंगी पूरी तरह रद्द
कार्य के दौरान अलग-अलग तिथियों में कई लोकल ट्रेनों का परिचालन ठप रहेगा। 22 जून से 03 जुलाई 2026 तक रायगढ़ और बिलासपुर के बीच चलने वाली रायगढ़-बिलासपुर-रायगढ़ मेमू (68737/68738), बिलासपुर और गेवरा रोड के बीच चलने वाली बिलासपुर-गेवरा रोड-बिलासपुर मेमू (68734/68733) तथा बिलासपुर और कोरबा के बीच चलने वाली बिलासपुर-कोरबा-बिलासपुर मेमू (68732/68731) पूरी तरह रद्द रहेंगी। इसी प्रकार रायपुर से गेवरा रोड जाने वाली मेमू (68746) और रायपुर से कोरबा जाने वाली पैसेंजर (58204) ट्रेन 21 जून से 02 जुलाई तक नहीं चलेंगी। वापसी में, गेवरा रोड से रायपुर आने वाली मेमू (68745) और कोरबा से रायपुर आने वाली पैसेंजर (58203) ट्रेन का परिचालन 22 जून से 03 जुलाई तक रद्द रहेगा।

बीच रास्ते में समाप्त होने वाली और देर से चलने वाली ट्रेनें

कुछ ट्रेनों के मार्ग को बीच में ही सीमित कर दिया गया है। गोंदिया से चलकर झारसुगुड़ा जाने वाली मेमू पैसेंजर (68861) 22 जून से 03 जुलाई तक केवल बिलासपुर स्टेशन तक ही जाएगी और बिलासपुर से झारसुगुड़ा के बीच रद्द रहेगी। वहीं, वापसी में झारसुगुड़ा से गोंदिया जाने वाली पैसेंजर (68862) इसी अवधि में झारसुगुड़ा के बजाय बिलासपुर स्टेशन से ही अपनी यात्रा प्रारंभ करेगी। देरी से चलने वाली ट्रेनों की बात करें तो 01 जुलाई 2026 को कोरबा से चलने वाली कोरबा-अमृतसर छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस (18237) अपने निर्धारित समय से 02 घंटे की देरी से रवाना की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *