सेल- भिलाई इस्पात संयंत्र के स्टील जोन-2 (एलडीसीपी–आरएमपी-3) के सभागार में 18 जून 2026 को महिला सफाई ठेका श्रमिकों के लिए जागरूकता कार्यक्रम ‘नई चेतना’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिला श्रमिकों को स्वास्थ्य, स्वच्छता, कार्यस्थल पर सुरक्षा, कानूनी अधिकारों तथा विभिन्न श्रमिक कल्याणकारी प्रावधानों के संबंध में जागरूक करना था। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महाप्रबंधक (प्रचालन) श्री डी. के. वर्मा रहे।
कार्यक्रम के दौरान अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा अधिकारी (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं, एमएचएस) सुश्री शुभश्री प्रशांत ने महिला श्रमिकों को स्वास्थ्य, पोषण एवं व्यक्तिगत स्वच्छता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। वहीं उप प्रबंधक (जनसंपर्क) सुश्री शालिनी चौरसिया ने कार्यस्थल पर महिलाओं के प्रति यौन उत्पीड़न (पॉश) से संबंधित प्रावधानों एवं शिकायत निवारण तंत्र की जानकारी दी। अतिरिक्त श्रम कल्याण अधिकारी (एचआर–सीओ एवं सीसीडी) श्री प्रवीण कुमार शर्मा ने न्यूनतम वेतन, बोनस, भविष्य निधि (पीएफ), ईएसआईसी तथा भिलाई इस्पात संयंत्र द्वारा श्रमिकों के बच्चों के लिए संचालित छात्रवृत्ति योजनाओं की विस्तृत जानकारी साझा की।
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि श्री डी. के. वर्मा ने महिला श्रमिकों के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें सुरक्षित कार्य व्यवहार अपनाने, स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने तथा उपलब्ध कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि जागरूक एवं सशक्त कार्यबल ही किसी भी संगठन की सफलता का आधार होता है।
कार्यक्रम का संचालन उप प्रबंधक (मानव संसाधन स्टील जोन-2) श्री सिकंदर इंदोरिया द्वारा किया गया। इस अवसर पर अतिरिक्त श्रम कल्याण अधिकारी श्री के. डी. बघेल, अतिरिक्त श्रम कल्याण अधिकारी श्री आर. के. ठाकुर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में कुल 25 महिला ठेका श्रमिकों ने सहभागिता की और विभिन्न विषयों पर उपयोगी जानकारी प्राप्त की।