लंबे इंतजार और कई महीनों तक चली चर्चाओं के बाद स्टैंड-अप कॉमेडियन और कंटेंट क्रिएटर समय रैना ने अपने चर्चित शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ की वापसी का ऐलान कर दिया है। शो का दूसरा सीजन जल्द ही दर्शकों के बीच आने वाला है और इस बार इसकी पहुंच पहले से कहीं ज्यादा बड़ी होने जा रही है।
समाय रैना ने पुष्टि की है कि ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ सीजन-2 के एपिसोड एक साथ Netflix और YouTube पर रिलीज किए जाएंगे। यानी दर्शकों को दोनों प्लेटफॉर्म पर एक ही समय पर शो देखने का मौका मिलेगा। यह पहली बार होगा जब शो ओटीटी और यूट्यूब दोनों माध्यमों पर समानांतर रूप से उपलब्ध रहेगा।
एक छोटे डिजिटल प्रयोग के रूप में शुरू हुआ यह शो देखते ही देखते इंटरनेट की सबसे चर्चित कॉमेडी और टैलेंट सीरीज में शामिल हो गया था। अब Netflix के साथ साझेदारी के बाद इसके दर्शक वर्ग के और बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।
19 जून को Netflix India और समय रैना ने सोशल मीडिया पर एक मजेदार प्रमोशनल वीडियो जारी कर नए सीजन की घोषणा की। वीडियो में अमीन खान भी नजर आए, जिन्होंने पिछले सीजन के दौरान दर्शकों के बीच खास पहचान बनाई थी। वीडियो में समाय अपने चिर-परिचित अंदाज में Netflix और YouTube के अनुभव को लेकर मजाक करते दिखाई देते हैं। उन्होंने कहा कि Netflix पर दर्शकों को विज्ञापनों और कमेंट सेक्शन की चिंता नहीं करनी पड़ेगी।
गौरतलब है कि ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ का पहला सीजन जबरदस्त लोकप्रिय रहा था, लेकिन एक एपिसोड में अतिथि के रूप में पहुंचे रणवीर अल्लाहबादिया की कुछ टिप्पणियों को लेकर विवाद खड़ा हो गया था। विवाद बढ़ने के बाद शो के एपिसोड हटाए गए और कानूनी शिकायतें भी दर्ज हुई थीं। इसके बाद शो के भविष्य को लेकर सवाल उठने लगे थे।
हालांकि समय रैना लगातार संकेत देते रहे कि शो की यात्रा यहीं खत्म नहीं हुई है। अपने लाइव स्टैंड-अप शो के दौरान भी उन्होंने कई बार इसकी वापसी की ओर इशारा किया था। अब आधिकारिक घोषणा के साथ यह साफ हो गया है कि ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ नए फॉर्मेट और बड़े प्लेटफॉर्म के साथ वापसी कर रहा है।
हालांकि मेकर्स ने अभी रिलीज डेट का खुलासा नहीं किया है, लेकिन मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि नया सीजन जुलाई में स्ट्रीम हो सकता है। इस बीच सोशल मीडिया पर शो के सेट से जुड़ी कुछ कथित तस्वीरें भी वायरल हुई हैं, जिनमें बॉलीवुड अभिनेत्रियों Alia Bhatt और Sharvari के दिखाई देने की चर्चा है। हालांकि इन तस्वीरों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
विवाद, इंतजार और चर्चाओं के लंबे दौर के बाद अब फैंस की नजरें ‘इंडियाज गॉट लेटेंट 2’ की रिलीज डेट पर टिकी हैं। देखना दिलचस्प होगा कि नया सीजन दर्शकों की उम्मीदों पर कितना खरा उतरता है।