सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में एक भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ जब चार दोस्त एक ही बाइक पर सवार होकर शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। उनकी बाइक सड़क किनारे खड़े मक्का लोड ट्रक से जा टकराई।
घटना प्रतापपुर थाना क्षेत्र के बैकोना गांव के पास शुक्रवार देर रात की बताई जा रही है। हादसे के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया और गुस्साए ग्रामीणों ने ट्रक में आग लगा दी।
शादी की खुशियां पलभर में मातम में बदली
मिली जानकारी के अनुसार बैकोना गांव के चार युवक एक शादी समारोह में शामिल होने ग्राम खजूरी जा रहे थे। रास्ते में ग्राम पंचायत रामपुर के मुख्य मार्ग पर उनकी बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक से पीछे से जा भिड़ी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान रूपचंद पैकरा (20), रविंद्र पैकरा (19) और ओमप्रकाश पैकरा (18) के रूप में हुई है।
वहीं हादसे में घायल अरमान पैकरा (16) को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
ट्रक में आग, मौके पर मची अफरा-तफरी
दुर्घटना की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। हादसे से नाराज लोगों ने ट्रक में आग लगा दी। देखते ही देखते आग ने वाहन के अगले हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया और ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि ट्रक सड़क किनारे खड़ा था, लेकिन वहां पर्याप्त संकेतक या सुरक्षा व्यवस्था नहीं थी, जिसके कारण यह हादसा हुआ।
पुलिस और प्रशासन ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
गांव में पसरा मातम
इस हादसे के बाद पूरे बैकोना गांव में शोक की लहर है। जिन परिवारों के बच्चे शादी की खुशियों में शामिल होने निकले थे, वहां कुछ ही घंटों में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में हर कोई इस दर्दनाक घटना से स्तब्ध है।