Meta Pixel

IND-A vs SL-A Final: वैभव सूर्यवंशी से उलझना श्रीलंका को पड़ा भारी, 11 गेंद में ठोकी तूफानी फिफ्टी, तोड़ा वर्ल्ड रिकॉर्ड

Spread the love

भारतीय क्रिकेट को एक और सुपरस्टार मिलने की आहट सुनाई देने लगी है। महज 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने श्रीलंका-ए के खिलाफ ट्राई सीरीज फाइनल में ऐसी बल्लेबाजी की, जिसने क्रिकेट रिकॉर्ड बुक को ही बदल दिया। युवा बल्लेबाज ने सिर्फ 11 गेंदों में अर्धशतक जड़कर लिस्ट-ए क्रिकेट के इतिहास का सबसे तेज अर्धशतक बनाने का विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। हालांकि, वो शतक बनाने से चूक गए।

वैभव ने 29 गेंद में 94 रन की पारी खेली। वैभव ने फाइनल में पिछले मुकाबलों की सारी कसर निकाल दी। उन्होंने 94 रन की इस पारी में 8 छक्के और 10 चौके मारे। यानी 94 में से 88 रन तो वैभव ने सिर्फ बाउंड्री से हासिल किए। बता दें कि इसी ट्राई सीरीज में एक मुकाबले के दौरान वैभव का श्रीलंकाई खिलाड़ी से विवाद हो गया था। नौबत हाथापाई तक की आ गई थी और फाइनल में वैभव ने तूफानी पारी खेल श्रीलंका को अपनी ताकत का अंदाजा करा दिया।

वनडे में सबसे तेज अर्धशतक का रिकॉर्ड दक्षिण अफ्रीका के पूर्व बैटर एबी डिविलियर्स के नाम है, जिन्होंने 2015 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 16 गेंदों में ये उपलब्धि हासिल की थी। हालांकि, इंडिया-ए के मुकाबलों को इंटरनेशनल दर्जा नहीं मिलता है, इसलिए वैभव की यह पारी अंतरराष्ट्रीय रिकॉर्ड में शामिल नहीं होगी।

दांबुला के रंगिरी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए फाइनल में श्रीलंका-ए ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया। इसके बाद बल्लेबाजी के लिए उतरे वैभव ने पहली ही गेंद से अपने इरादे साफ कर दिए। उन्होंने मोहम्मद शिराज की पहली गेंद पर चौका लगाकर आक्रमण की शुरुआत की और फिर पीछे मुड़कर नहीं देखा।

फाइनल से पहले वैभव का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा था। लगातार कम स्कोर और हाल ही में विपक्षी खिलाड़ी के साथ हुई धक्का-मुक्की की घटना के कारण वह चर्चा में थे। लेकिन बड़े मुकाबले में उन्होंने अपने बल्ले से सभी आलोचनाओं का जवाब दे दिया।

वैभव ने शिराज के दूसरे ओवर में तो तूफान ही ला दिया। इस ओवर में उन्होंने तीन छक्के और दो चौके लगाए और कुल 26 रन बटोरे। इसके बाद उन्होंने लॉन्ग ऑन के ऊपर अपना पांचवां छक्का जड़ते हुए सिर्फ 11 गेंदों में अर्धशतक पूरा कर लिया।

गेंद के लिहाज से लिस्ट-ए क्रिकेट की सबसे तेज फिफ्टी

गेंद खिलाड़ी टीम  साल
11 वैभव सूर्यवंशी India-A 2026
12 के वीरारत्ने Ragama Cricket Club v Kurunegala Youth Cricket Club 2005/06
13 एनएलटीसी परेरा Sri Lanka Army Sports Club v Bloomfield Cricket and Athletic Club 2020/21
14 आरके क्लेनवेल्ट Western Province v KwaZulu-Natal 2010/11
15 एडम होलियोक Surrey v Yorkshire 1994

इस पारी के साथ वैभव ने 20 साल पुराना विश्व रिकॉर्ड तोड़ दिया। इससे पहले श्रीलंका के कौशल्या वीररत्ने के नाम लिस्ट-ए क्रिकेट का सबसे तेज अर्धशतक था, जिन्होंने 12 गेंदों में यह कारनामा किया था। अब यह रिकॉर्ड भारतीय बल्लेबाज के नाम दर्ज हो गया।

वैभव ने भारत का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। इससे पहले सबसे तेज लिस्ट-ए अर्धशतक का भारतीय रिकॉर्ड सरफराज खान के नाम था, जिन्होंने विजय हजारे ट्रॉफी में पंजाब के खिलाफ 15 गेंदों में फिफ्टी लगाई थी। दिसंबर 2024 में लिस्ट ए क्रिकेट में डेब्यू करने वाले वैभव अब तक केवल 12 मैच खेले हैं। लेकिन कम समय में ही अपनी छाप छोड़ चुके हैं। घरेलू क्रिकेट में बिहार के लिए खेलते हुए वह 190 रन की शानदार पारी भी खेल चुके हैं।

फाइनल से पहले तक वैभव ने ट्राई सीरीज में अपने नाम के हिसाब से प्रदर्शन नहीं किया था। वो 4 मुकाबलों में 117 रन ही बना सके थे। लेकिन फाइनल में उन्होंने सारी कसर निकाल दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *