छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया। कसडोल विकासखंड के नागेड़ी ग्राम पंचायत में सोमवार दोपहर तेज बारिश और गरज-चमक के दौरान खेत में मौजूद 10 गायें बिजली की चपेट में आ गईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है।
बारिश से बचने पेड़ के नीचे जुटी थीं गायें
जानकारी के अनुसार, दोपहर में अचानक मौसम खराब होने के बाद तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए गायों का झुंड खेत में खड़े एक पेड़ के नीचे आकर रुक गया। इसी दौरान जोरदार गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरी, जिसकी चपेट में आने से सभी 10 गायों की तत्काल मौत हो गई।
पशुपालकों को लाखों का नुकसान
इस हादसे से संबंधित पशुपालकों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। ग्रामीणों के मुताबिक, गांव के कई परिवार पशुपालन पर निर्भर हैं और गायों की मौत से उनकी आजीविका पर सीधा असर पड़ेगा। एक साथ 10 मवेशियों की मौत ने प्रभावित परिवारों को गहरे संकट में डाल दिया है।
ग्रामीणों ने की राहत और मुआवजे की मांग
घटना के बाद ग्रामीणों और पशुपालकों ने प्रशासन से उचित मुआवजा देने की मांग की है। उनका कहना है कि प्राकृतिक आपदा में हुए नुकसान की भरपाई के लिए शासन को जल्द से जल्द राहत राशि जारी करनी चाहिए, ताकि प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहारा मिल सके।