Meta Pixel

BSP स्क्रैप चोरी कांड में बड़ा खुलासा: मास्टरमाइंड के लॉकर से 50 लाख के गहने, 3 करोड़ की संपत्ति के दस्तावेज जब्त

Spread the love

भिलाई स्टील प्लांट (BSP) से स्क्रैप चोरी के बहुचर्चित मामले में पुलिस को जांच के दौरान बड़ी सफलता मिली है। इस संगठित चोरी गिरोह के कथित मास्टरमाइंड के लॉकर से करीब 50 लाख रुपए के सोने-चांदी के गहने और लगभग 3 करोड़ रुपए की संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज बरामद किए गए हैं।

पुलिस ने सात दिन की रिमांड पूरी होने के बाद मुख्य आरोपी संजय सिंह समेत तीन आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

चोरी की कमाई से खरीदी गई संपत्तियां

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि स्क्रैप चोरी से अर्जित रकम को जमीन, मकान और कीमती आभूषणों में निवेश किया गया था। इसी जानकारी के आधार पर पुलिस ने आरोपी के बैंक लॉकर और अन्य संपत्तियों की जांच की, जहां से करोड़ों रुपए के निवेश से जुड़े दस्तावेज और महंगे गहने बरामद हुए।

26 मई को हुआ था पूरे नेटवर्क का खुलासा

मामले का खुलासा 26 मई 2026 को उस समय हुआ जब पुलिस ने भिलाई के हथखोज क्षेत्र स्थित एक कबाड़ गोदाम पर छापेमारी की। जांच में पता चला कि बीएसपी से निकलने वाले फ्लू डस्ट के नाम पर बड़ी मात्रा में कीमती लोहे की चोरी की जा रही थी।

छापे के दौरान ट्रकों और हाइवा वाहनों में भारी मात्रा में लोहे की प्लेटें, बीम कटिंग और अन्य स्क्रैप सामग्री बरामद की गई थी। जांच में यह भी सामने आया कि चोरी के लोहे को एकत्रित कर बाजार में बेचा जाता था।

250 टन स्क्रैप जब्त, करोड़ों की कार्रवाई

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान करीब 250 टन लोहे का स्क्रैप जब्त किया था, जिसकी कीमत लगभग 90 लाख रुपए आंकी गई। वहीं वाहनों और मशीनरी समेत कुल जब्ती का मूल्य 3.22 करोड़ रुपए बताया गया है।

अब तक 12 आरोपी गिरफ्तार

इस मामले में पहले 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका था। मुख्य आरोपी संजय सिंह फरार चल रहा था, जिसे उत्तर प्रदेश के देवरिया से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के बाद दो अन्य आरोपियों अमित शर्मा उर्फ कैलाश शर्मा और आकाश कुमार सिंह की भूमिका सामने आने पर उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया गया।

सीन री-क्रिएट कर जुटाए गए सबूत

जांच को मजबूत करने के लिए पुलिस आरोपियों को घटनास्थल पर लेकर गई और पूरे घटनाक्रम का सीन री-क्रिएट कराया। इस दौरान कबाड़ की तस्करी में इस्तेमाल होने वाली फर्जी नंबर प्लेटें भी जब्त की गईं।

कुर्की की तैयारी में पुलिस

पुलिस अब आरोपियों की जमीन, मकान, बैंक खातों और अन्य संपत्तियों की विस्तृत जांच कर रही है। जांच में अवैध कमाई से संपत्ति अर्जित होने की पुष्टि होने पर कुर्की की कार्रवाई भी की जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *