Meta Pixel

प्रेमिका से नहीं हो पाई मुलाकात, गुस्से में नाबालिग ने 24 कारों के शीशे तोड़े; 11 चोरी के मामलों का खुलासा

Spread the love

छत्तीसगढ़ के Sakti जिले में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। नाबालिग प्रेमिका से मुलाकात नहीं होने पर एक नाबालिग युवक इतना नाराज हो गया कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर 24 से अधिक कारों के शीशे तोड़ दिए और कई जगह चोरी की वारदातों को अंजाम दिया। पुलिस ने इस मामले में दो नाबालिगों सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

मुलाकात न होने पर बनाया चोरी का प्लान

पुलिस जांच के अनुसार, 10-11 मई की रात मुख्य आरोपी अपनी नाबालिग प्रेमिका से मिलने कांसीगढ़ क्षेत्र के एक गांव पहुंचा था। लेकिन मुलाकात नहीं हो सकी। इससे नाराज होकर उसने अपने साथियों के साथ मालखरौदा और जैजैपुर क्षेत्र के कई गांवों में खड़ी कारों को निशाना बनाया।

आरोपियों ने कारों के शीशे तोड़कर नकदी, इलेक्ट्रॉनिक वायर, जैक-पाना और स्टेपनी टायर जैसे सामान चोरी कर लिए।

25 CCTV और 4000 मोबाइल नंबर खंगाले

घटना के बाद पुलिस ने व्यापक जांच शुरू की। टीम ने करीब 25 CCTV कैमरों की फुटेज की जांच की और लगभग 4000 मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल खंगाली।

जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी गुलशन बरेठ दिल्ली भागने की तैयारी में है। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हर्ष सिदार उर्फ बिट्टू और दो नाबालिग आरोपियों को भी हिरासत में ले लिया।

11 मामलों का हुआ खुलासा

Prafull Thakur ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने प्रेमिका से मुलाकात नहीं होने के कारण गुस्से में वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का सामान भी बरामद कर लिया है। मामले में दो वयस्क आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि दोनों नाबालिगों को बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया है।

इस कार्रवाई के साथ पुलिस ने कुल 11 चोरी के मामलों का खुलासा करने का दावा किया है।

लोगों से पुलिस की अपील

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि रात के समय वाहन में नकदी, मोबाइल, लैपटॉप या अन्य कीमती सामान छोड़कर न जाएं और वाहनों को सुरक्षित स्थान पर पार्क करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *