Meta Pixel

CBSE का बड़ा फैसला: अब रीजनल ऑफिस में होगी उत्तर पुस्तिका की फिजिकल जांच, छात्रों को मिला नया मौका

Spread the love

नई दिल्ली। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने बोर्ड परीक्षा परिणामों को अधिक पारदर्शी बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। अब ऐसे विद्यार्थियों को अतिरिक्त अवसर मिलेगा, जिन्होंने अंकों के सत्यापन (Verification) के लिए आवेदन किया था, लेकिन जांच के बाद भी उनके अंकों में कोई बदलाव नहीं हुआ।

नई व्यवस्था के तहत पात्र छात्र अब संबंधित CBSE रीजनल ऑफिस में जाकर अपनी उत्तर पुस्तिका की फिजिकल जांच कर सकेंगे।

पहली बार लागू हुई नई व्यवस्था

सीबीएसई ने इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना जारी करते हुए बताया कि यह सुविधा पहली बार शुरू की जा रही है। इससे पहले वेरिफिकेशन प्रक्रिया पूरी होने के बाद छात्रों के पास उत्तर पुस्तिका की प्रत्यक्ष जांच का विकल्प उपलब्ध नहीं था।

हालांकि, यह सुविधा केवल उन्हीं छात्रों के लिए होगी जिनके वेरिफिकेशन आवेदन का परिणाम “नो चेंज” आया है।

जल्द जारी होगा शेड्यूल

बोर्ड ने कहा है कि उत्तर पुस्तिकाओं की फिजिकल जांच के लिए जल्द ही विस्तृत दिशा-निर्देश, समय-सारिणी और प्रक्रिया जारी की जाएगी। छात्र निर्धारित तिथि पर अपने संबंधित क्षेत्रीय कार्यालय में जाकर उत्तर पुस्तिका का निरीक्षण कर सकेंगे।

छात्रों को मिलेगा बड़ा लाभ

नई व्यवस्था से उन विद्यार्थियों को राहत मिलेगी जिन्हें अब भी अपनी कॉपी के मूल्यांकन को लेकर संदेह है। अब वे सीधे उत्तर पुस्तिका देखकर अपनी शंकाओं का समाधान कर सकेंगे, जिससे मूल्यांकन प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही दोनों बढ़ेंगी।

री-इवैल्यूएशन के नतीजे भी जारी

इसी बीच CBSE ने कक्षा 12वीं के री-इवैल्यूएशन के परिणाम भी चरणबद्ध तरीके से जारी करने शुरू कर दिए हैं। बोर्ड ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी देते हुए बताया कि अब तक प्राप्त आवेदनों में से 87 प्रतिशत से अधिक के परिणाम घोषित किए जा चुके हैं।

बोर्ड के अनुसार, शेष आवेदनों पर भी तेजी से काम किया जा रहा है और बाकी विद्यार्थियों के संशोधित परिणाम जल्द जारी किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *