Meta Pixel

ट्रक से बच्ची को कुचला, पुलिसकर्मियों को रौंदने की कोशिश,VIDEO:120 स्पीड में गाड़ी दौड़ाई, बैरिकेड्स तोड़े, 55KM चेज कर पुलिस ने दबोचा

Spread the love

छत्तीसगढ़ के मोहला-मानपुर जिले के गुंडरदेही गांव मेंएक तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे खड़ी छठवीं की छात्रा पूनम (12) को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी ड्राइवर ट्रक लेकर तेजी से फरार हो गया।

यूपी निवासी आरोपी ड्राइवर देवी सिंह नशे में धुत था और पकड़े जाने के डर से उसने 120 किमी की रफ्तार से ट्रक को दौड़ाया। पुलिस ने 55 किलोमीटर तक पीछा किया, लेकिन आरोपी ने मोहला और मानपुर में बैरिकेड्स तोड़कर जवानों को भी रौंदने की कोशिश की। आखिरकार कोरकोट्टी के पास ट्रक बेकाबू होकर सड़क से नीचे उतरा, तब जाकर पुलिस ने उसे दबोचा। इस घटना का वीडियो भी वायरल है।

पहली नाकेबंदी तोड़ी, फिर दूसरी भी तोड़कर भागा

घटना शुक्रवार (26 जून) सुबह की है, जब पूनम को कुचलकर फरार हुआ ड्राइवर सबसे पहले मोहला थाना क्षेत्र के नाके पर पहुंचा। यहां पुलिस ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन उसने ट्रक की रफ्तार कम करने के बजाय सीधे बैरिकेड्स तोड़ दिए और आगे निकल गया।

इसके बाद मानपुर थाने के सामने पुलिस ने दोबारा घेराबंदी की, लेकिन ड्राइवर ने रुकने के संकेतों की अनदेखी करते हुए वहां भी बैरिकेड्स उड़ा दिए। इस दौरान ट्रक की चपेट में आने से ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारी और जवान बाल-बाल बचे। इस फिल्मी चेसिंग के चलते हाईवे पर काफी देर तक अफरा-तफरी मची रही और राहगीरों में भी दहशत फैल गई।

लगातार पीछा करती रही पुलिस

दोनों जगह बैरिकेड्स तोड़ने के बावजूद पुलिस ने पीछा नहीं छोड़ा और कई थानों की टीमें लगातार ट्रक के पीछे लगी रहीं। आखिरकार मानपुर और कोहका थाना क्षेत्र के बीच नेशनल हाईवे पर कोरकोट्टी गांव के पास पुलिस ने ट्रक को चारों तरफ से घेर लिया।

खुद को घिरा देख भागने की कोशिश में चालक ने ट्रक मोड़ने का प्रयास किया, लेकिन तेज रफ्तार वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में उतर गया। इसके बाद पुलिस ने ड्राइवर देवी सिंह को हिरासत में ले लिया। हादसे के दौरान ड्राइवर को कुछ चोटें भी आई हैं, जिसके चलते पुलिस ने उसे इलाज के लिए मानपुर अस्पताल में भर्ती कराया है।

बच्ची की मौत पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा

दुर्घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने गुंडरदेही गांव में बच्ची का शव सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया। ग्रामीणों ने आरोपी ड्राइवर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर कार्रवाई का भरोसा दिलाया, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त किया गया। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अंबागढ़ चौकी अस्पताल भेजा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *