Meta Pixel

शराब पीने के बाद हुआ विवाद : पत्नी पर पति की जान लेने का आरोप, जांच में जुटी पुलिस

Spread the love

बतौली। सरगुजा जिले के बतौली थाना क्षेत्र में शराब के नशे में हुए पति-पत्नी के विवाद ने एक व्यक्ति की जान ले ली। ग्राम कदनई लोटाभावना निवासी 50 वर्षीय नेतराम मझवार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। पुलिस को आशंका है कि पत्नी द्वारा की गई मारपीट के कारण उसकी मृत्यु हुई है। मामले की जांच जारी है।

जानकारी के अनुसार, नेतराम मझवार और उनकी पत्नी मानकुंवर मझवार (45) शुक्रवार देर रात तक घर में शराब पी रहे थे। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि नशे की हालत में पत्नी ने पहले डंडे से और फिर पत्थर से पति पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर अचेत हो गया। घटना के बाद पत्नी भी नशे की हालत में घर में ही सो गई।

डॉक्टरों ने जांच के बाद किया मृत घोषित 
सुबह जब मृतक का बेटा बंधन घर पहुंचा तो उसने अपने पिता को खून से लथपथ हालत में पड़ा देखा। वह तत्काल उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बतौली लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद नेतराम को मृत घोषित कर दिया। बंधान ने बताया कि उसके माता-पिता अक्सर शराब के नशे में विवाद करते थे, लेकिन इस बार झगड़ा इतना बढ़ गया कि उसके पिता की जान चली गई। घटना के बाद गांव में शोक और भय का माहौल है।

एसडीओपी ने दी मामले की जानकारी 
इस संबंध में सीतापुर एसडीओपी राजेंद्र मंडावी ने बताया कि ग्राम कदनई में पति-पत्नी के बीच शराब के नशे में मारपीट की सूचना मिली थी। प्रथम दृष्टया पत्नी द्वारा की गई मारपीट से पति की मौत होने की आशंका है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की विवेचना कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *