धमतरी। नगरी क्षेत्र में 27 जून शनिवार शाम हुई एक वारदात ने लोगों को झकझोर दिया। नगरी-गरियाबंद मार्ग पर अज्ञात लोगों ने मछली कारोबारी पर हमला कर दिया, जिसमें उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में भय का माहौल है।
मछली व्यवसाय से जुड़े थे विपलभ मंडल
जानकारी के मुताबिक विपलभ मंडल (55) लंबे समय से गरियाबंद जिले के बोईरगांव क्षेत्र में रहकर मछली व्यवसाय से जुड़े थे। वह नगरी में एक दुकान संचालित करते थे और रोजाना की तरह शनिवार को भी काम खत्म कर वापस लौट रहे थे।
रास्ते में रोककर किया हमला
बताया जा रहा है कि रास्ते में कुछ लोगों ने वाहन को रोक लिया। इस दौरान उनके साथ मौजूद चुम्मन यादव के साथ भी बदसलूकी की गई और वह किसी तरह वहां से निकलकर मदद लेने पहुंचा। वहीं विपलभ मंडल पर हमलावरों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
गंभीर हालत में उन्हें नगरी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना के बाद पुलिस टीम सक्रिय हुई और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।
कई एंगल से जांच में जुटी पुलिस
पुलिस मामले को कई एंगल से देख रही है। हमला किस वजह से किया गया और इसमें कौन शामिल हैं, इसका खुलासा जांच पूरी होने के बाद होगा। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।