Meta Pixel

IND vs ENG: टीम इंडिया को बड़ा झटका! इंग्लैंड वनडे सीरीज से बाहर हो सकते हैं नीतीश कुमार रेड्डी, BCCI ने दी लंबा आराम करने की सलाह

Spread the love

नई दिल्ली। इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज से पहले भारतीय टीम को बड़ा झटका लग सकता है। युवा ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी की फिटनेस को लेकर अभी भी संशय बना हुआ है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, बीसीसीआई की मेडिकल टीम ने उन्हें लंबा आराम करने की सलाह दी है, जिससे इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में उनके खेलने की संभावना बेहद कम मानी जा रही है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, नीतीश फिलहाल बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिहैब कर रहे हैं। उन्हें बाएं पैर की क्वाड्रिसेप्स (जांघ की मांसपेशी) में हल्का खिंचाव है। इसी चोट के कारण वह इससे पहले आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज से भी बाहर हो चुके हैं।

सूत्रों के अनुसार, मेडिकल टीम चाहती है कि नीतीश पूरी तरह फिट होने के बाद ही मैदान पर लौटें। ऐसे में इंग्लैंड वनडे सीरीज में उनकी वापसी की संभावना काफी कम नजर आ रही है। यदि ऐसा होता है तो जिम्बाब्वे के खिलाफ प्रस्तावित टी20 सीरीज उनके लिए प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी का पहला मौका बन सकती है।

बताया जा रहा है कि नीतीश को कम से कम एक महीने तक सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रहकर रिहैब प्रक्रिया पूरी करनी होगी, ताकि अगस्त में श्रीलंका के खिलाफ संभावित टेस्ट सीरीज से पहले वह पूरी तरह फिट हो सकें। हालांकि उस दौरे का आधिकारिक कार्यक्रम अभी जारी नहीं किया गया है।

नीतीश को यह चोट अफगानिस्तान के खिलाफ धर्मशाला में खेले गए पहले वनडे के दौरान गेंदबाजी करते समय लगी थी। इसके बाद उन्हें दूसरे वनडे से आराम दिया गया था। तीसरे मैच में वापसी के बावजूद वह पूरी तरह फिट नजर नहीं आए और मैच के बाद दोबारा दर्द की शिकायत की, जिसके बाद मेडिकल टीम ने उन्हें आराम की सलाह दी।

नीतीश की संभावित गैरमौजूदगी भारतीय टीम के लिए चिंता का विषय है, क्योंकि तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या भी फिलहाल चोट से उबर रहे हैं। ऐसे में टीम इंडिया के दोनों प्रमुख पेस ऑलराउंडर फिलहाल पूरी तरह उपलब्ध नहीं हैं।

वहीं इंग्लैंड दौरे की तैयारियां भी शुरू हो चुकी हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक कप्तान शुभमन गिल और विकेटकीपर बल्लेबाज केएल राहुल बाकी खिलाड़ियों से पहले टीम के साथ जुड़ेंगे, जबकि अन्य खिलाड़ी 12 जुलाई तक टीम से जुड़ सकते हैं। भारत और इंग्लैंड के बीच पहला वनडे बर्मिंघम में खेला जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *