नई दिल्ली। अगले महीने जापान में होने वाले एशियन गेम्स 2026 के लिए भारतीय महिला क्रिकेट टीम का ऐलान कर दिया गया है। चयनकर्ताओं ने हरमनप्रीत कौर पर कप्तान के रूप में भरोसा बरकरार रखा है, जबकि स्मृति मंधाना को टीम की उपकप्तान बनाया गया है।
टी20 विश्व कप 2026 के बाद टीम में दो अहम बदलाव किए गए हैं। विकेटकीपर यास्तिका भाटिया और प्रेमा रावत को इस बार टीम में जगह नहीं मिली है, जबकि युवा विकेटकीपर जी. कमलिनी को पहली बार एशियन गेम्स टीम में शामिल किया गया है।
यास्तिका की जगह कमलिनी को मिला मौका
खराब फॉर्म के कारण यास्तिका भाटिया को टीम से बाहर कर दिया गया है। उनकी जगह मुंबई इंडियंस के लिए WPL खेलने वाली 17 वर्षीय विकेटकीपर जी. कमलिनी को मौका मिला है। टी20 वर्ल्ड कप में यास्तिका का प्रदर्शन उम्मीदों पर खरा नहीं उतर सका था।
श्रेयंका पाटिल की वापसी
चोट से उबरने के बाद स्पिन ऑलराउंडर श्रेयंका पाटिल की टीम में वापसी हुई है। वहीं, वर्ल्ड कप स्क्वॉड का हिस्सा रहीं प्रेमा रावत इस बार चयनकर्ताओं का भरोसा नहीं जीत सकीं।
पाकिस्तान और श्रीलंका से हो सकता है मुकाबला
एशियन गेम्स में क्रिकेट प्रतियोगिता टी20 फॉर्मेट में खेली जाएगी। ICC रैंकिंग के आधार पर भारतीय महिला टीम को सीधे नॉकआउट या क्वार्टर फाइनल चरण में प्रवेश मिलने की संभावना है। भारत का मुकाबला पाकिस्तान, श्रीलंका और बांग्लादेश जैसी मजबूत एशियाई टीमों से हो सकता है।
भारतीय महिला टीम (Asian Games 2026)
- हरमनप्रीत कौर (कप्तान)
- स्मृति मंधाना (उपकप्तान)
- शेफाली वर्मा
- जेमिमा रोड्रिग्स
- दीप्ति शर्मा
- ऋचा घोष (विकेटकीपर)
- जी. कमलिनी (विकेटकीपर)
- भारती फुलमाली
- श्री चरणी
- रेणुका ठाकुर
- क्रांति गौड़
- अरुंधति रेड्डी
- श्रेयांका पाटिल
- राधा यादव
- नंदनी शर्मा