Meta Pixel

संयंत्र के रेल एवं स्ट्रक्चरल मिल में कर्म शिरोमणि पुरस्कार समारोह संपन्न

Spread the love

सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र की कर्म शिरोमणि पुरस्कार योजना के अंतर्गत रेल एवं स्ट्रक्चरल मिल (आरएसएम) के चार कार्मिकों को उत्कृष्ट एवं अनुकरणीय कार्य निष्पादन के लिए सम्मानित किया गया। इस योजना का उद्देश्य कार्यस्थल पर नवाचार, संसाधनों के प्रभावी उपयोग, संगठनात्मक लक्ष्यों की प्राप्ति तथा सुरक्षा मानकों के अनुरूप उत्कृष्ट कार्य संस्कृति को प्रोत्साहित करने वाले कर्मियों को पहचान प्रदान करना है।

इस अवसर पर महाप्रबंधक (आरएसएम) श्री एन. के. खरे ने इंजीनियरिंग एसोसिएट श्री प्रदुमन सिंह, श्री रोहित कुमार साहू, श्री श्रवण कुमार कश्यप तथा जूनियर इंजीनियरिंग एसोसिएट श्री सन्नी दीपक कुल्लू को कर्म शिरोमणि पुरस्कार से सम्मानित किया। सम्मान स्वरूप पुरस्कार विजेताओं को स्मृति चिह्न एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए, जबकि उनके जीवनसाथियों को प्रशंसा-पत्र एवं मिठाई कूपन भेंट कर उनके सहयोग का भी सम्मान किया गया।

अपने संबोधन में महाप्रबंधक (आरएसएम) श्री एन. के. खरे ने सभी पुरस्कार विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों का सम्मान संगठन में सकारात्मक प्रतिस्पर्धा, नवाचार एवं उत्कृष्ट कार्य संस्कृति को बढ़ावा देता है। उन्होंने सभी कर्मचारियों से सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए गुणवत्ता, उत्पादकता एवं कार्यकुशलता के नए मानक स्थापित करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में महाप्रबंधक श्री अरविन्द टंडन, महाप्रबंधक श्री आर. के. राजधर, महाप्रबंधक श्री एम. के. साहू, महाप्रबंधक श्री अजय वर्मा, उप महाप्रबंधक श्री अभिलाष गुप्ता सहित विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।

पुरस्कार प्राप्त कार्मिकों ने इस सम्मान के लिए भिलाई इस्पात संयंत्र प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उन्हें भविष्य में और अधिक समर्पण एवं उत्कृष्टता के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित करेगा।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में वरिष्ठ प्रबंधक (मानव संसाधन) सुश्री अनुराधा साहा, सहायक प्रबंधक (मानव संसाधन) श्री ईतवारी राम चैलक, अतिरिक्त श्रम कल्याण अधिकारी श्री जसबीर सिंह, श्री राजेश बाबू तथा श्री भुवन लाल साहू का उल्लेखनीय योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *