सक्ती: छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में चर्चित पूर्णिमा चौहान हत्याकांड का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। जांच में सामने आया है कि विवाहित प्रेमी ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर गर्लफ्रेंड की हत्या की साजिश रची और इसके लिए 4 लाख रुपये की सुपारी दी। पुलिस ने इस मामले में पति-पत्नी सहित 9 आरोपियों को छत्तीसगढ़, झारखंड और महाराष्ट्र से गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, मृतका पूर्णिमा चौहान (25) अपने शादीशुदा प्रेमी मुरलीशंकर चौहान पर शादी करने का लगातार दबाव बना रही थी। इसी वजह से आरोपी ने पत्नी चम्पा चौहान के साथ मिलकर उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
घर में घुसकर मारी गईं तीन गोलियां
घटना 26 जून की सुबह सक्ती थाना क्षेत्र के ग्राम जोंगरा में हुई। दो नकाबपोश युवक बिना नंबर की बाइक से पूर्णिमा के घर पहुंचे। एक आरोपी घर के अंदर गया और पहचान पक्की करने के बाद पिस्टल से तीन गोलियां दाग दीं। गंभीर रूप से घायल पूर्णिमा को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पोस्ट ऑफिस का खाता तोड़कर दिए एडवांस पैसे
जांच में खुलासा हुआ कि हत्या के लिए 4 लाख रुपये की सुपारी तय की गई थी। आरोपी पत्नी चम्पा ने अपने पोस्ट ऑफिस खाते से रकम निकालकर 2 लाख रुपये एडवांस शूटरों को दिए थे। पूछताछ में आरोपियों ने यह भी बताया कि उन्होंने वारदात की योजना “Shooter” फिल्म से प्रेरित होकर बनाई थी।
अफेयर बना हत्या की वजह
पुलिस के अनुसार, पूर्णिमा और मुरलीशंकर आयुर्वेदिक दवाइयों के प्रचार-प्रसार का काम करते थे। इसी दौरान दोनों के बीच प्रेम संबंध बने। पूर्णिमा की पहले शादी हो चुकी थी, लेकिन रिश्ता टूटने के बाद वह अपने मायके में रह रही थी। उधर, मुरलीशंकर पहले से शादीशुदा था। जब उसने दूरी बनानी शुरू की तो पूर्णिमा शादी के लिए दबाव बनाने लगी, जिसके बाद हत्या की साजिश रची गई।
तकनीकी जांच से खुला पूरा राज
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), टावर डंप और CCTV फुटेज का विश्लेषण किया। इसी आधार पर झारखंड के जमशेदपुर और महाराष्ट्र के पुणे में छापेमारी कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
हथियार, बाइक और नकदी बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल की गई पिस्टल, चार जिंदा कारतूस, दो बाइक, सात मोबाइल फोन, बैंक पासबुक और 71,500 रुपये नकद बरामद किए हैं। घटनास्थल से तीन खाली कारतूस भी मिले थे।
फिलहाल पुलिस ने मुरलीशंकर चौहान, चम्पा चौहान समेत कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।