कॉमेडियन सुनील पाल और समय रैना के बीच चल रही जुबानी जंग थमने का नाम नहीं ले रही है। अब सुनील पाल ने समय रैना और उनके शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट 2’ को लेकर एक नया और बड़ा दावा किया है। सुनील के मुताबिक, उन्हें शो में शामिल होने के लिए 25 लाख रुपये की पेशकश की गई थी, लेकिन उन्होंने इस ऑफर को ठुकरा दिया।
’25 लाख रुपये देने की बात हुई, मैंने साफ मना कर दिया’
मुंबई में पैपराजी से बातचीत के दौरान सुनील पाल ने दावा किया कि समय रैना की टीम ने उनसे संपर्क कर शो का हिस्सा बनने का प्रस्ताव रखा था। इसके बदले उन्हें 25 लाख रुपये देने की बात कही गई थी।
सुनील पाल के अनुसार, उन्होंने शुरुआत में ही स्पष्ट कर दिया था कि वह मंच पर किसी भी तरह की गाली-गलौज नहीं करेंगे। इस पर कथित तौर पर उन्हें जवाब मिला कि उन्हें खुद गाली देने की जरूरत नहीं है, लेकिन शो में मौजूद दूसरे लोग ऐसा कर सकते हैं।
सुनील का कहना है कि इसी वजह से उन्होंने शो में जाने से इनकार कर दिया। हालांकि, उनके इन दावों पर फिलहाल समय रैना या उनकी टीम की तरफ से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
समय रैना की कॉमेडी पर पहले भी उठा चुके हैं सवाल
यह पहली बार नहीं है जब सुनील पाल ने समय रैना और उनकी कॉमेडी शैली की आलोचना की हो। वह पहले भी कई बार सार्वजनिक मंचों पर समय के शो में इस्तेमाल होने वाली भाषा और कंटेंट पर आपत्ति जता चुके हैं।
जब आलिया भट्ट और शरवरी वाघ ‘इंडियाज गॉट लेटेंट 2’ के पहले एपिसोड में दिखाई दी थीं, तब भी सुनील पाल ने सोशल मीडिया पर तंज कसा था। उनकी टिप्पणी उस समय सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में रही थी।
2025 में शुरू हुई थी दोनों के बीच तकरार
सुनील पाल और समय रैना के बीच विवाद की शुरुआत साल 2025 में हुई थी। उस दौरान सुनील ने ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ के पहले सीजन में इस्तेमाल की गई कथित अभद्र भाषा पर नाराजगी जाहिर की थी।
सुनील पाल ने कहा था कि अश्लील भाषा और अभद्र कंटेंट करने वालों को स्टैंड-अप कॉमेडियन कहना असली कॉमेडी का अपमान है। उनका मानना है कि कॉमेडी के जरिए दर्शकों का मनोरंजन करने के साथ-साथ सकारात्मक संदेश भी दिया जाना चाहिए।
कपिल शर्मा के शो में भी दिखी थी नोकझोंक
इस साल दोनों कॉमेडियन कपिल शर्मा के द ग्रेट इंडियन कपिल शो में एक साथ नजर आए थे। शो के दौरान भी दोनों ने मजाकिया अंदाज में एक-दूसरे पर तंज कसे थे। इसके बाद से साफ था कि दोनों के बीच वैचारिक मतभेद अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुए हैं।
अब सुनील पाल के 25 लाख रुपये के ऑफर वाले दावे ने इस विवाद को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है। फिलहाल सभी की नजर समय रैना की प्रतिक्रिया पर टिकी है।