Meta Pixel

सेल ‘शाबाश’ योजना के तहत मानव संसाधन–ज्ञानार्जन एवं विकास विभाग के कार्मिक सम्मानित

Spread the love

सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के मानव संसाधन–ज्ञानार्जन एवं विकास (एचआर–एल एंड डी) विभाग द्वारा दिनांक 27 जून 2026 को एचआरडी सेंटर में सेल ‘शाबाश’ योजना के अंतर्गत सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विभाग में नवाचार, परिचालन उत्कृष्टता तथा सतत सुधार की दिशा में उल्लेखनीय योगदान देने वाले कार्मिकों को सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह में महाप्रबंधक प्रभारी (मानव संसाधन–ज्ञानार्जन एवं विकास) श्री संजीव कुमार श्रीवास्तव ने पुरस्कार प्रदान कर सभी सम्मानित कार्मिकों का उत्साहवर्धन किया।

इस अवसर पर सेक्शन ऑफिसर श्री विकास सरीन, सेक्शन एसोसिएट श्री के. देवराजु, सेक्शन एसोसिएट श्री एस.आर. सिन्हा तथा सेक्शन एसोसिएट श्री प्रकाश राव को विभागीय कार्यों में उत्कृष्ट योगदान एवं नवाचार को प्रोत्साहित करने के लिए सेल ‘शाबाश’ योजना के अंतर्गत सम्मानित किया गया। इसके साथ ही विभाग के पूर्व सेक्शन एसोसिएट श्री धरम दास को मानव संसाधन–ज्ञानार्जन एवं विकास विभाग में उनकी दीर्घकालीन, समर्पित एवं उल्लेखनीय सेवाओं के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर अपने संबोधन में श्री संजीव कुमार श्रीवास्तव ने सभी सम्मानित कार्मिकों को बधाई देते हुए कहा कि कर्मचारियों के उत्कृष्ट कार्यों को समय-समय पर पहचान और सम्मान प्रदान करना सकारात्मक कार्य-संस्कृति के निर्माण का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने कहा कि ऐसे सम्मान कर्मचारियों को नवाचार, उत्कृष्ट कार्य निष्पादन तथा संगठन के सतत विकास के लिए निरंतर प्रेरित करते हैं। उन्होंने सभी कार्मिकों से नई कार्य-पद्धतियों को अपनाने, सामूहिक सीखने की संस्कृति को बढ़ावा देने तथा श्रेष्ठ कार्य-प्रणालियों के माध्यम से संगठनात्मक उत्कृष्टता में अपना योगदान देने का आह्वान किया।

समारोह में मानव संसाधन–ज्ञानार्जन एवं विकास विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान सभी सम्मानित कार्मिकों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की गईं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *