टीवी अभिनेत्री सुमोना चक्रवर्ती ने लंबे समय से एंडोमेट्रियोसिस जैसी गंभीर बीमारी से जूझने के बाद अपनी सर्जरी कराई है। करीब दो महीने तक सोशल मीडिया से दूर रहने के बाद उन्होंने एक लंबी पोस्ट शेयर कर अपनी हेल्थ अपडेट दी। इस दौरान उन्होंने अपनी बीमारी, रिकवरी, ट्रोलिंग और एक्टिंग करियर को लेकर भी खुलकर बात की।
दो महीने तक सोशल मीडिया से रहीं दूर
सुमोना ने अपनी पोस्ट की शुरुआत करते हुए लिखा कि लंबे समय बाद वापस आकर उन्हें अच्छा लग रहा है। उन्होंने बताया कि पिछले दो महीने उन्होंने सोशल मीडिया से दूरी बनाई और पूरी तरह अपनी शारीरिक और मानसिक सेहत पर ध्यान दिया। उन्होंने बताया कि 4 मई को उनकी एंडोमेट्रियोसिस की सर्जरी हुई थी। काफी समय तक बीमारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन स्थिति बिगड़ने के बाद ऑपरेशन कराना जरूरी हो गया।
‘अब पहले से बेहतर महसूस कर रही हूं’
एक्ट्रेस ने कहा कि अब उनकी तबीयत पहले से काफी बेहतर है। उन्होंने डॉक्टरों और मेडिकल टीम का शुक्रिया भी अदा किया, जिन्होंने इस मुश्किल समय में उनका साथ दिया। सुमोना ने बताया कि रिकवरी के इन दो महीनों ने उन्हें खुद को समझने और जिंदगी को नए नजरिए से देखने का मौका दिया।
‘लगा था सबको अलविदा कहने का वक्त आ गया’
पोस्ट में सुमोना ने अपने मुश्किल दौर को याद करते हुए लिखा कि एक समय ऐसा भी आया, जब उन्हें लगा जैसे अब सबको अलविदा कहने का वक्त आ गया है। हालांकि उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और खुद को समय देकर मानसिक और शारीरिक रूप से मजबूत बनाया।
महिलाओं के लिए बनाना चाहती हैं सुरक्षित जगह
एक्ट्रेस ने कहा कि पहले उनका मन सोशल मीडिया से पूरी तरह दूर जाने का था, लेकिन बाद में उन्हें महसूस हुआ कि यह सही रास्ता नहीं है। अब वह सोशल मीडिया के जरिए खासकर महिलाओं के लिए ऐसा मंच बनाना चाहती हैं, जहां लोग बिना किसी डर के अपने अनुभव साझा कर सकें और एक-दूसरे का हौसला बढ़ा सकें।
जन्मदिन पर किया खास ट्रिप
सर्जरी के बाद सुमोना ने अपने 38वें जन्मदिन पर इस्तांबुल की यात्रा भी की। उन्होंने बताया कि यह फैसला आखिरी समय में लिया गया था। उन्होंने लिखा कि इस बार न कोई पार्टी हुई और न ही केक कटा। उन्होंने अपना जन्मदिन घूमकर, जापानी खाना खाकर और चीज़केक के साथ सादगी से मनाया।
2021 में किया था बीमारी का खुलासा
बता दें कि सुमोना चक्रवर्ती स्टेज-4 एंडोमेट्रियोसिस से जूझ रही थीं। उन्होंने साल 2021 में पहली बार इस बीमारी के बारे में खुलकर बात की थी। उस समय उन्होंने बताया था कि लॉकडाउन के दौरान इस बीमारी और दूसरी परेशानियों की वजह से वह काफी मुश्किल दौर से गुजरी थी।
वर्कफ्रंट की बात करें तो सुमोना ‘कॉमेडी नाइट्स विद कपिल’, ‘द कपिल शर्मा शो’, ‘बड़े अच्छे लगते हैं’, ‘कसम से’, फिल्म ‘बर्फी!’ और ‘खतरों के खिलाड़ी 14’ जैसे कई लोकप्रिय प्रोजेक्ट्स में नजर आ चुकी हैं।