छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के मीरा रिसोर्ट में ट्रांसपोर्ट कारोबारियों की बर्थडे पार्टी के दौरान नशे में विवाद और मारपीट हुई। चेकआउट के समय एक ट्रांसपोर्टर ने दूसरे ट्रांसपोर्टर की कैंपर वाहन से कुचलकर हत्या कर दी। मामला उरगा थाना क्षेत्र का है। मृतक की पहचान दीपका के गरुणनगर निवासी युवक उज्जवल सिंह (35) के रूप में हुई है, वो शादीशुदा था। उसके बच्चे भी हैं। वहीं, आरोपी की पहचान तुषार ढांढा (24) के रूप में हुई है।
पुलिस ने रविवार को फरार आरोपी को गिरफ्तार कर वारदात में इस्तेमाल वाहन जब्त कर लिया है। जांच में सामने आया कि आरोपी हरियाणा भागने के फिराक में था, लेकिन इससे ही पुलिस ने उसे अरेस्ट कर लिया।
जानिए क्या है पूरा मामला ?
जानकारी के मुताबिक, 3 जुलाई की देर रात दीपका क्षेत्र के ट्रांसपोर्टर विकास कुमार हुडा का जन्मदिन था। पार्टी करने के लिए 20 से 25 युवक रात को मीरा रिसोर्ट पहुंचे थे। इनमें से ज्यादातर लोग कोयला ट्रांसपोर्टर का काम करते हैं। उनकी गाड़ियां चलती हैं।
देर रात तक पार्टी हुई। रात करीब 11:30 बजे किसी मामूली बात पर युवकों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। तुषार ढांढा शराब के नशे में सामान तोड़ने लगा। रिसॉर्ट में भी लोगों से झगड़ा किया। ट्रांसपोर्टर्स के बीच आपस में विवाद काफी बढ़ गया।
तुषार ने उज्जवल पर चढ़ाई गाड़ी
देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गई। इसी अफरा-तफरी के बीच आरोपी तुषार ढांढा ने कैंपर वाहन को उज्जवल सिंह पर चढ़ा दिया, जिसकी चपेट में आने से उज्जवल को गंभीर चोटें आईं और उसने घटना स्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद तुषार कैंपर वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
दोस्तों से पूछताछ, केस दर्ज
घटना की सूचना मिलते ही उरगा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। दोस्तों से पूछताछ कर उनके बयान लिए गए है, जिसके बाद पुलिस ने तुषार ढांढा के खिलाफ गैर इरादतन हत्या और संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आरोपी की तलाश शुरू की। टीम ने तकनीकी सबूत और सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी तुषार ढांडा को रविवार को गिरफ्तार किया। इसके अलावा हत्या में इस्तेमाल बोलेरो कैंपर गाड़ी भी जब्त की।