Meta Pixel

17 जुलाई को चंडीगढ़ दौरे पर रहेंगे पीएम मोदी, PGI-PU प्रोजेक्ट्स समेत 4 रेलवे स्टेशनों की देंगे सौगात

Spread the love

चंडीगढ़। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित 17 जुलाई के चंडीगढ़ दौरे को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। केंद्र और स्थानीय प्रशासन कार्यक्रम को लेकर एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं। इस बड़े आयोजन की मेजबानी पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज (PEC) में किए जाने की तैयारी है।

कार्यक्रम की तैयारियों का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इंजीनियरिंग विभागों ने एक ही दिन में आठ अलग-अलग टेंडरों को मंजूरी दी है। इनमें सबसे बड़ा टेंडर करीब 2.02 करोड़ रुपए का है, जो मुख्य कार्यक्रम स्थल पर टेंट और अस्थायी निर्माण से जुड़े कार्यों के लिए जारी किया गया है।

इसके अलावा रोशनी, बिजली व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरे और कार्यक्रम से जुड़ी अन्य जरूरी सुविधाओं के लिए भी अलग-अलग निविदाएं जारी की गई हैं।

PGI और पंजाब यूनिवर्सिटी के प्रोजेक्ट्स का होगा उद्घाटन

प्रस्तावित दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी Postgraduate Institute of Medical Education and Research और Panjab University से जुड़े कई महत्वपूर्ण विकास प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन करेंगे।

इसके साथ ही अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत आधुनिक रूप से विकसित किए गए कालका, मोहाली, अंब अंदौरा और आनंदपुर साहिब रेलवे स्टेशनों का चंडीगढ़ से वर्चुअल लोकार्पण किया जाएगा। इन स्टेशनों को यात्रियों की सुविधाओं और आधुनिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए पुनर्विकसित किया गया है।

600 टन AC से ठंडा रहेगा जर्मन हैंगर पंडाल

जुलाई में बारिश और बदलते मौसम की संभावना को देखते हुए मुख्य कार्यक्रम स्थल पर करीब 6 हजार वर्ग मीटर क्षेत्र में वाटरप्रूफ जर्मन हैंगर पंडाल तैयार किया जा रहा है। खराब मौसम के बावजूद कार्यक्रम प्रभावित न हो, इसके लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं।

विशाल पंडाल को पूरी तरह वातानुकूलित रखने के लिए करीब 600 टन क्षमता वाला एयर कंडीशनिंग सिस्टम लगाने की तैयारी है।

2200 सोफे, VIP लाउंज और 70 हजार वर्ग फीट कारपेट

प्रधानमंत्री और कार्यक्रम में शामिल होने वाले विशिष्ट अतिथियों के लिए आधुनिक सुविधाओं से लैस एयर कंडीशंड VIP लाउंज बनाया जा रहा है।

पंडाल में बैठने के लिए करीब 2,200 सोफे और 300 कुर्सियों की व्यवस्था की जाएगी। वहीं, लगभग 70 हजार वर्ग फीट क्षेत्र में कारपेट बिछाया जाएगा और 65 हजार वर्ग फीट क्षेत्र में सुरक्षा बैरिकेडिंग की तैयारी है।

कार्यक्रम स्थल पर पीने के पानी के लिए वाटर कूलर और 24 पोर्टेबल टॉयलेट भी लगाए जाएंगे।

बिजली बैकअप के लिए लगाए जाएंगे 40 जनरेटर

कार्यक्रम के दौरान बिजली आपूर्ति बाधित न हो, इसके लिए बड़े स्तर पर पावर बैकअप की व्यवस्था की जा रही है। इसके तहत 125 केवीए क्षमता के 11 जनरेटर, 250 केवीए के 28 जनरेटर और 500 केवीए क्षमता का एक डीजी सेट लगाया जाएगा।

सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए कार्यक्रम स्थल पर हाई-रेजोल्यूशन सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इसके साथ ही अग्निशमन सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं।

आयोजन स्थल की खूबसूरती बढ़ाने के लिए करीब 4 हजार रंग-बिरंगे गमले लगाने की भी योजना है।

आधुनिक स्टेशनों से पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिलेगा बढ़ावा

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास में स्थानीय कला, विरासत और क्षेत्रीय पहचान को विशेष महत्व दिया गया है। प्रयास है कि प्रत्येक रेलवे स्टेशन अपने शहर और क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को प्रदर्शित करे।

रेलवे का मानना है कि कालका, मोहाली, अंब अंदौरा और आनंदपुर साहिब स्टेशनों के आधुनिक होने से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। साथ ही पर्यटन और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

हालांकि प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से प्रस्तावित दौरे की अंतिम आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है। इसके बावजूद रेलवे और स्थानीय प्रशासन ने कार्यक्रम को लेकर जमीनी स्तर पर तैयारियां तेज कर दी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *