Meta Pixel

भिलाई इस्पात संयंत्र में संशोधित सुरक्षा मैनुअल का विमोचन

Spread the love

सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र द्वारा कार्यस्थल पर सुरक्षा संस्कृति को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा दुर्घटनामुक्त कार्य वातावरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संशोधित सुरक्षा मैनुअल का विमोचन 06 जुलाई 2026 को कार्यपालक निदेशक (संकार्य) श्री राकेश कुमार द्वारा किया गया।

इस अवसर पर मुख्य महाप्रबंधक प्रभारी (सर्विसेज) श्री तुषार कांत, मुख्य महाप्रबंधक (ईएमडी) श्री पी. वी. वी. एस. मूर्ति, मुख्य महाप्रबंधक (पीपीसी) श्री पी. आर. भल्ला तथा मुख्य महाप्रबंधक (सुरक्षा एवं अग्निशमन सेवाएं) श्री देबदत्त सतपथी उपस्थित रहे। विमोचन के उपरांत संशोधित सुरक्षा मैनुअल को साप्ताहिक समन्वय बैठक के दौरान संयंत्र के सभी मुख्य महाप्रबंधकों एवं विभागाध्यक्षों को उपलब्ध कराया गया।

भिलाई इस्पात संयंत्र का सुरक्षा अभियांत्रिकी विभाग कर्मचारियों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा सुरक्षित कार्य व्यवहार को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से समय-समय पर सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का अद्यतन करता रहा है। इसी क्रम में तैयार किए गए सुरक्षा मैनुअल के संशोधित संस्करण में नवीन औद्योगिक मानकों, अद्यतन सुरक्षा दिशा-निर्देशों तथा वर्तमान कार्य परिस्थितियों के अनुरूप आवश्यक प्रावधानों को समाहित किया गया है, ताकि कर्मचारी अपने दैनिक कार्यों का निष्पादन अधिक सुरक्षित एवं प्रभावी ढंग से कर सकें।

व्यावहारिक अनुभव, तकनीकी विशेषज्ञता तथा शॉप फ्लोर से प्राप्त सुझावों के आधार पर तैयार किए गए इस व्यापक सुरक्षा मैनुअल में अद्यतन सुरक्षा परिपत्र, विभिन्न कार्यों के लिए उपयोगी सुरक्षा चेकलिस्ट तथा 37 मैटेरियल सेफ्टी डाटा शीट्स को भी सम्मिलित किया गया है। यह संशोधित संस्करण कर्मचारियों को कार्यस्थल पर संभावित जोखिमों की बेहतर समझ विकसित करने, सुरक्षित कार्य पद्धतियों को अपनाने तथा खतरनाक पदार्थों के सुरक्षित प्रबंधन में महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्रदान करेगा।

इस सुरक्षा मैनुअल के निर्माण एवं अद्यतन में संयंत्र के सभी विभागीय सुरक्षा अधिकारियों तथा सुरक्षा अभियांत्रिकी विभाग की टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा। विशेष रूप से सहायक महाप्रबंधक (सुरक्षा अभियांत्रिकी विभाग) श्री अनुराग पाठक एवं उनकी टीम ने मैनुअल के संकलन, तकनीकी समन्वय तथा अंतिम रूप प्रदान करने में उल्लेखनीय भूमिका निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *