रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की रफ्तार एक बार फिर धीमी पड़ती नजर आ रही है। पिछले कुछ दिनों की तुलना में बारिश की गतिविधियों में कमी आई है, जिससे कई जिलों में उमस और तापमान में बढ़ोतरी महसूस की जा रही है। हालांकि मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक, तेज हवाओं और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार, सूरजपुर, रायगढ़, जांजगीर-चांपा, बलौदा बाजार, धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद, कोंडागांव, बस्तर, दंतेवाड़ा, बीजापुर, सुकमा, जशपुर और सरगुजा सहित कई जिलों में शुक्रवार 9 जुलाई को मौसम का मिजाज बदल सकता है। इन क्षेत्रों में कहीं-कहीं तेज हवाएं चलने के साथ आकाशीय बिजली गिरने और बारिश होने की संभावना है।
दक्षिणी जिलों में बरसात, उत्तर और मध्य क्षेत्र अपेक्षाकृत सूखे
बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के दक्षिणी हिस्सों में मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ में वर्षा की गतिविधियां काफी कमजोर रहीं। राजधानी रायपुर में दिनभर बादल छाए रहे, लेकिन बारिश नहीं होने से गर्मी और उमस बनी रही।
तापमान में बढ़ोतरी, सामान्य से कम हुई बारिश
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, रायपुर के माना क्षेत्र में प्रदेश का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 33.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि राजनांदगांव में न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। इस सीजन में अब तक प्रदेश में सामान्य से करीब 18 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है।
अगले चार दिन कैसा रहेगा मौसम?
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले चार दिनों तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। हालांकि फिलहाल पूरे प्रदेश में व्यापक और लगातार बारिश की संभावना कम है। लोगों को गरज-चमक और आकाशीय बिजली के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है।