शाम की चाय के साथ कुछ स्वादिष्ट खाने का मन लगभग हर किसी का करता है। लेकिन रोज-रोज समोसे, पकौड़े या ज्यादा तली हुई चीजें खाना सेहत के लिए सही नहीं माना जाता। ऐसे में मूंग दाल कटलेट एक हेल्दी और स्वादिष्ट विकल्प हो सकता है।
मूंग दाल प्रोटीन, फाइबर और कई जरूरी पोषक तत्वों से भरपूर होती है। इससे बने कटलेट बाहर से हल्के कुरकुरे और अंदर से मुलायम होते हैं। इन्हें कम तेल में शैलो फ्राई किया जा सकता है, जबकि चाहें तो एयर फ्रायर या ओवन में भी आसानी से तैयार किया जा सकता है।
मूंग दाल कटलेट बनाने के लिए सामग्री
- 1 कप पीली मूंग दाल (3-4 घंटे भिगोई हुई)
- 1 बारीक कटा प्याज
- 2-3 बारीक कटी हरी मिर्च
- 1 इंच अदरक (कद्दूकस किया हुआ)
- 2 बड़े चम्मच बारीक कटा हरा धनिया
- ½ कप ब्रेडक्रम्ब्स या चावल का आटा
- ½ छोटा चम्मच भुना जीरा पाउडर
- ½ छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
- ½ छोटा चम्मच चाट मसाला
- स्वादानुसार नमक
- 2-3 बड़े चम्मच तेल (शैलो फ्राई करने के लिए)
मूंग दाल कटलेट बनाने की स्टेप्स बाय स्टेप्स रेसिपी
स्टेप 1: दाल तैयार करें
भीगी हुई मूंग दाल का सारा पानी निकाल लें। अब इसे बिना पानी डाले मिक्सर में दरदरा पीस लें। ध्यान रखें कि दाल का महीन पेस्ट न बने।
स्टेप 2: सभी सामग्री मिलाएं
एक बड़े बाउल में पिसी हुई दाल डालें। इसमें प्याज, हरी मिर्च, अदरक, हरा धनिया, जीरा पाउडर, लाल मिर्च, चाट मसाला और नमक डालकर अच्छी तरह मिला लें।
स्टेप 3: मिश्रण तैयार करें
अब इसमें ब्रेडक्रम्ब्स या चावल का आटा मिलाएं ताकि मिश्रण अच्छी तरह बंध जाए और कटलेट कुरकुरे बनें। सभी सामग्री को हाथ से अच्छी तरह मिला लें।
स्टेप 4: कटलेट का आकार दें
हथेलियों पर थोड़ा-सा तेल लगाएं और मिश्रण के छोटे-छोटे हिस्से लेकर मनचाहा कटलेट का आकार दें।
स्टेप 5: कटलेट पकाएं
नॉन-स्टिक पैन या तवे पर 2-3 बड़े चम्मच तेल गर्म करें। कटलेट को धीमी से मध्यम आंच पर दोनों तरफ से सुनहरा और कुरकुरा होने तक सेकें।
ऑयल-फ्री मूंग दाल कटलेट कैसे बनाएं?
अगर आप तेल से पूरी तरह बचना चाहते हैं, तो इन कटलेट्स को एयर फ्रायर में 180°C पर 12-15 मिनट तक पकाएं। बीच में एक बार पलट दें। आप इन्हें ओवन में भी बेक कर सकते हैं। इससे कटलेट स्वादिष्ट होने के साथ कम तेल में तैयार हो जाते हैं।
सर्विंग टिप्स
गरमागरम मूंग दाल कटलेट को शाम की चाय के साथ परोसें। स्वाद बढ़ाने के लिए पुदीने की चटनी, हरी चटनी या टमाटर केचप के साथ सर्व करें।