Meta Pixel

रायगढ़ में हाथियों के हमले से 2 की मौत, VIDEO:महिला को दौड़ाकर कुचला, मासूम बची; वन विभाग की गाड़ी पर किया अटैक

Spread the love

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में दो अलग-अलग घटनाओं में हाथियों के हमले से 2 लोगों की मौत हो गई। एक घटना में हाथी बस्ती में घुस आया और जान बचाकर भाग रही महिला को कुचल दिया। मां को घायल देख उसकी मासूम बेटी बिलखती रही।

मौके पर पहुंचे वन विभाग के अमले की गाड़ी को भी हाथी ने सूंड से धक्का मारकर डैमेज कर दिया। इसका वीडियो भी सामने आया है। वहीं, दूसरी घटना में सुबह घर से बाहर निकले एक ग्रामीण पर हाथी ने हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। दोनों मामलों में वन विभाग आगे की कार्रवाई कर रहा है।

बस्ती में घुसे हाथी ने महिला को कुचला

पहली घटना कापू वन परिक्षेत्र के ग्राम तालगांव बस्ती की है। शुक्रवार सुबह करीब 4 बजे हाथी गांव में घुस आया। हाथी को देख ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान जान बचाने के लिए घर से बाहर भाग रही शकुंतला बाई (37) पर हाथी ने हमला कर दिया।

हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि उसकी मासूम बच्ची बाल-बाल बच गई। परिजन और ग्रामीण घायल महिला को तत्काल कापू अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

वन विभाग की गाड़ी पर भी किया हमला

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन हाथी ने आक्रामक होकर वन विभाग की गाड़ी पर हमला कर दिया। हाथी ने अपने सिर से धक्का मारकर वाहन को डैमेज कर दिया।

घर से बाहर निकले ग्रामीण की भी गई जान

दूसरी घटना छाल रेंज के ग्राम औरानारा की है। गांव निवासी बंधन अगरिया (50) सुबह शौच के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान बस्ती के पास मौजूद हाथी ने उन पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि ग्रामीण हाथी के काफी करीब पहुंच गया था, जिसके बाद हाथी ने पलटकर हमला कर दिया।

हमले में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना पर पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आगे की कार्रवाई शुरू की।

परिजनों को तत्काल सहायता, गांवों में अलर्ट

इस मामले में धरमजयगढ़ वनमंडलाधिकारी जितेंद्र उपाध्याय ने बताया कि कापू और छाल रेंज में हाथियों के हमले से दो लोगों की मौत हुई है। दोनों मृतकों के परिजनों को तत्काल आर्थिक सहायता राशि प्रदान कर दी गई है।

हाथियों की लगातार निगरानी की जा रही है और प्रभावित गांवों में मुनादी कराकर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *