बलौदा बाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के पलारी में पर्यावरण संरक्षण एवं हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्रव्यापी आह्वान पर चलाए जा रहे ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत रविवार को थाना पलारी परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह, थाना प्रभारी परिवेश तिवारी तथा पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
पौधारोपण के साथ पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह ने स्वयं कटहल का पौधा लगाया और उसे पानी देकर पौधों के संरक्षण का संकल्प लिया। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह अपनी माँ के प्रति सम्मान और धरती माता के प्रति जिम्मेदारी निभाने का एक प्रेरणादायक माध्यम है।
फलदार और छायादार पौधों से थाना परिसर को बनाया जाएगा हरित
उन्होंने कहा कि, पौधे लगाना जितना महत्वपूर्ण है, उससे कहीं अधिक जरूरी उनकी नियमित देखभाल और सुरक्षा करना है, ताकि भविष्य में यही पौधे विशाल वृक्ष बनकर पर्यावरण को स्वच्छ, हरित और प्रदूषण मुक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें। पौधारोपण अभियान के दौरान थाना परिसर में आम, जामुन, अमरूद, आंवला, नीम तथा कटहल सहित कई उपयोगी एवं फलदार पौधे लगाए गए। कार्यक्रम के अंत में सभी पुलिस अधिकारियों और जवानों ने लगाए गए पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल का संकल्प लिया।