अंबिकापुर – छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी आयुष्मान भारत योजना में बड़े फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। जांच में खुलासा हुआ है कि, कुछ निजी अस्पतालों ने सामान्य लोगों को कागजों में मरीज दिखाकर उनके आयुष्मान कार्ड के जरिए लाखों रुपये का क्लेम किया। हैरानी की बात यह है कि, शुरुआती जांच में गड़बड़ी की पुष्टि होने के बावजूद अब तक संबंधित अस्पतालों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
रिकॉर्ड में 29 मरीज, अस्पताल में मिले सिर्फ 20
जांच के दौरान सामने आया कि, शहर के केडी (KD) अस्पताल में वास्तविक रूप से केवल 20 मरीज भर्ती थे, जबकि अस्पताल के रिकॉर्ड में 29 मरीज भर्ती दिखाकर उनके नाम पर आयुष्मान योजना से इलाज का क्लेम किया जा रहा था। आरोप है कि अस्पताल लोगों के आयुष्मान कार्ड का इस्तेमाल कर सरकार से लाखों रुपये की राशि प्राप्त कर रहा था।
बिना इलाज मरीजों के नाम पर क्लेम
जांच में यह भी सामने आया कि, कई मामलों में बिना वास्तविक इलाज किए ही मरीजों के नाम पर क्लेम किया गया। इस तरह सरकारी योजना का दुरुपयोग कर शासन को आर्थिक नुकसान पहुंचाया गया।
पांच निजी अस्पतालों में मिलीं अनियमितताएं
वहीं, महामाया अस्पताल का नाम भी आयुष्मान योजना में गड़बड़ी के मामले में सामने आया है। प्रारंभिक जांच में यहां भी आयुष्मान कार्ड के जरिए अनियमित क्लेम किए जाने की बात सामने आई है। सूत्रों के अनुसार, अंबिकापुर के कुल पांच निजी अस्पतालों में आयुष्मान भारत योजना के संचालन में गड़बड़ियां मिली हैं। हालांकि जांच में अनियमितताओं की पुष्टि होने के बावजूद अब तक किसी भी अस्पताल के खिलाफ बड़ी कार्रवाई नहीं होने से कई सवाल खड़े हो रहे हैं।