कोटा। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नवागांव (गिरजाबंद) में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। नशे में धुत एक युवक ने अपने 65 वर्षीय लकवाग्रस्त पिता की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अपनी मां की हत्या करने के इरादे से बहन के घर पहुंच गया, लेकिन सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
मिली जानकारी के अनुसार, रिखी राम सूर्यवंशी लंबे समय से पैरालिसिस (लकवा) से पीड़ित थे और बिस्तर पर ही रहते थे। परिजनों ने बताया कि आरोपी लंबे समय से नशे का आदी था और आए दिन अपने माता-पिता के साथ मारपीट व अभद्र व्यवहार करता था। गुरुवार रात करीब 11 बजे आरोपी नशे की हालत में घर पहुंचा। स्थिति बिगड़ने की आशंका को देखते हुए रिखी राम ने अपनी पत्नी को पास में रहने वाली बेटी के घर भेज दिया। इसके बाद आरोपी ने घर में अकेले मौजूद अपने पिता पर डंडे से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने दी मामले की जानकारी
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि, वह पड़े-पड़े बड़बड़ाता रहता है, कहते हुए पिता के सिर पर लगातार वार करता रहा। गंभीर चोटों के कारण बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। पिता की हत्या के बाद भी आरोपी का गुस्सा शांत नहीं हुआ। वह अपनी मां को मारने की नीयत से बहन के घर पहुंच गया। परिजनों ने तुरंत दरवाजा बंद कर लिया, जिसके बाद आरोपी दरवाजा तोड़ने का प्रयास करने लगा। इसी दौरान पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
सूचना मिलते ही रतनपुर थाना प्रभारी निलेश पांडे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। एफएसएल की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल है।