बिलासपुर – छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से जनजीवन प्रभावित होने लगा है। शुक्रवार को जिले में औसतन 74.7 मिमी बारिश दर्ज की गई। हालात ऐसे हो गए कि बिलासपुर रेलवे स्टेशन परिसर पूरी तरह पानी से भर गया और रेल की पटरियां भी जलमग्न हो गईं। स्टेशन पर दूर-दूर तक सिर्फ पानी ही पानी नजर आया।
रेलवे स्टेशन बना तालाब
लगातार बारिश के कारण बिलासपुर रेलवे स्टेशन में भारी जलभराव हो गया। स्टेशन परिसर और रेल की पटरियां पूरी तरह पानी में डूब गईं, जिससे एक भी पटरी स्पष्ट दिखाई नहीं दे रही थी।
सीपत में सबसे ज्यादा 110.2 मिमी बारिश
बारिश के आंकड़ों के अनुसार जिले में सबसे अधिक वर्षा सीपत में दर्ज की गई। इन क्षेत्रों में भी अच्छी बारिश रिकॉर्ड हुई-
सीपत – 110.2 मिमी
मस्तूरी – 96.2 मिमी
सकरी – 95.4 मिमी
बिलासपुर तहसील – 90.0 मिमी
तखतपुर – 83.4 मिमी
रतनपुर – 80.4 मिमी
पचपेड़ी – 72.5 मिमी
बोदरी – 67.3 मिमी
बिल्हा – 67.0 मिमी
कोटा – 47.2 मिमी
बेलतरा – 46.0 मिमी
बेलगहना – 41.2 मिमी
मानसून का मजबूत असर
1 जून से अब तक जिले में औसतन 325.1 मिमी वर्षा दर्ज की जा चुकी है। यह पिछले 10 वर्षों के औसत का 92.4 प्रतिशत है, जिससे साफ है कि इस बार मानसून सामान्य गति से आगे बढ़ रहा है और आने वाले दिनों में भी अच्छी बारिश की संभावना बनी हुई है।
बारिश को लेकर कलेक्टर ने बैठकें कीं रद्द
लगातार हो रही बारिश और जिले के कई क्षेत्रों में जलभराव की गंभीर स्थिति को देखते हुए बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल ने अपनी सभी निर्धारित बैठकें निरस्त कर दी हैं। उन्होंने सभी अधिकारियों को फील्ड में रहकर हालात की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने बताया कि कई स्थानों पर 3 से 4 फीट तक पानी भरने की सूचना मिली है, ऐसे इलाकों में लोगों का तत्काल रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं।
अधिकारियों को निगरानी और राहत कार्य तेज करने के निर्देश
कलेक्टर ने नगर निगम और जनपद पंचायत के अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों का लगातार भ्रमण कर स्थिति का जायजा लेने के निर्देश दिए हैं। वहीं संबंधित वर्क्स विभाग के अधिकारियों को सड़कों, नदी-नालों और जलभराव वाले स्थानों का निरीक्षण कर पानी के बहाव का आकलन करने को कहा गया है। जहां बैरिकेडिंग या अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं की जरूरत हो, वहां तत्काल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।