Meta Pixel

धमतरी में भीषण सड़क हादसा : कार बाइक की टक्कर में एक युवक की मौत, तीन युवतियां घायल

Spread the love

धमतरी – छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में रफ्तार का कहर फिर देखने को मिला है। दरअसल, नगरी क्षेत्र के देवपुर के पास हुए भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन युवतियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसा इतना भयावह था कि, बाइक चालक युवक के दोनों पैर कटकर अलग हो गए।

घायलों का अस्पताल में इलाज जारी
मिली जानकारी के मुताबिक, देवपुर के पास तेज रफ्तार एर्टिगा कार और मोटरसाइकिल के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि, बाइक चालक समीर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक पर सवार तीन युवतियां घायल हो गईं, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए सिविल अस्पताल ले जाया गया।

हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस दुर्घटना के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

बलौदाबाजार में दो ट्रकों की हुई टक्कर
वहीं शुक्रवार को ही बलौदाबाजार जिले स्थित भाटापारा के गिधौरी थाना क्षेत्र में शुक्रवार की सुबह तेज बारिश और घने अंधेरे के बीच दो भारी ट्रकों की भीषण भिड़ंत हो गई। हादसे में ट्रक का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे चालक अंदर फंस गए। सूचना मिलते ही गिधौरी पुलिस, हाईवे पेट्रोलिंग और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में रेस्क्यू अभियान चलाकर घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला।

तकनीकी खराबी से सड़क पर खड़ा था ट्रक
मिली जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 4 बजे ग्राम नवापारा धमलपुर के पास कसडोल-गिधौरी मार्ग पर एक ट्रक तकनीकी खराबी के कारण सड़क पर खड़ा था। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने खड़े वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और एक ट्रक का चालक केबिन में फंस गया।

बारिश और अंधेरे के बीच पुलिस का रेस्क्यू ऑपरेशन
नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन में थाना प्रभारी संदीप बंजारे के नेतृत्व में गिधौरी पुलिस, हाईवे पेट्रोलिंग और डायल 112 की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। लगातार बारिश और अंधेरे के बावजूद पुलिस जवानों ने क्षतिग्रस्त केबिन को काटकर चालक को सुरक्षित बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल चालक को तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां उसका उपचार जारी है।

दुर्घटना के बाद लगा लंबा जाम
दुर्घटना के कारण दोनों ट्रक सड़क के बीच फंस जाने से मार्ग पर लंबा जाम लग गया था। पुलिस ने क्रेन की सहायता से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर सुबह तक यातायात पूरी तरह बहाल कराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *