Meta Pixel

मंत्रालय के कर्मचारी से चाकू की नोक पर लूट:मोबाइल और कैश लेकर फरार हुए बाइक सवार बदमाश, जांच में जुटी पुलिस

Spread the love

रायपुर के नवा रायपुर-मंदिर हसौद मार्ग पर मंत्रालय में पदस्थ एक शासकीय कर्मचारी से चाकू की नोक पर लूट की गई है। बाइक सवार तीन बदमाशों ने कर्मचारी को जान से मारने की धमकी देकर उसका महंगा मोबाइल और कैश लूट लिया। मंदिर हसौद पुलिस के अनुसार, पीड़ित मिथलेश कुमार (34) नवा रायपुर के सेक्टर-17 स्थित शासकीय आवास में रहते हैं और मंत्रालय में कार्यरत हैं। बुधवार, 15 जुलाई को वे अपने निजी काम से स्कूटी से मंदिर हसौद गए थे।

शाम करीब 6.19 बजे वापस लौटते समय नहर किनारे सड़क पर लघुशंका के लिए रुके। इसी दौरान एक बाइक पर सवार तीन युवक वहां पहुंचे। इनमें से दो आरोपियों ने अपने चेहरे स्कार्फ से ढंक रखे थे।

तीनों बदमाशों ने कर्मचारी को घेर लिया और चाकू दिखाकर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपियों ने उनसे करीब 28,999 रुपए कीमत का वीवो मोबाइल फोन और 1,700 रुपए कैश लूट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बाइक से मंदिर हसौद की ओर फरार हो गए।

कर्मचारी संघ की पहल पर शिकायत

घटना के बाद पीड़ित काफी घबरा गए थे और तत्काल पुलिस के पास नहीं पहुंच सके। बाद में मंत्रालय कर्मचारी संघ के अध्यक्ष चंद्रकांत पांडे की पहल पर उन्होंने 16 जुलाई को मंदिर हसौद थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच की जिम्मेदारी सहायक उपनिरीक्षक विवेक कुमार बंजारे को सौंपी गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और फरार आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *