Meta Pixel

ढाबे के शौचालय में धुल रहे थे बर्तन, VIDEO:मेल टॉयलेट के अंदर प्लेट-कटोरी साफ करता दिखा कर्मचारी, खाद्य विभाग बोला- नोटिस जारी करेंगे

Spread the love

छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में हरेठी स्थित पापा ढाबा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में ढाबे का एक कर्मचारी पुरुष शौचालय के अंदर कटोरी, प्लेट और अन्य बर्तन धोता हुआ दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद ढाबे की स्वच्छता व्यवस्था और खाद्य सुरक्षा मानकों को लेकर सवाल उठने लगे हैं। खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने वीडियो का संज्ञान लेते हुए ढाबा संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी करने और नियमानुसार कार्रवाई करने की बात कही है।

ग्राहक ने बनाया वीडियो, सोशल मीडिया पर वायरल

जानकारी के अनुसार, सक्ती नगर और आसपास के क्षेत्र के लोग बड़ी संख्या में पापा ढाबा में भोजन करने पहुंचते हैं। एक ग्राहक ने ढाबे के कर्मचारी को पुरुष शौचालय के अंदर बर्तन धोते हुए देखा। इसके बाद उसने पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया। यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

ढाबा संचालक ने दी सफाई

ढाबा संचालक मुन्ना ठाकुर ने बताया कि जहां बर्तन धोया जाता है, वहां ढलाई हो रही थी। इसीलिए वहां थोड़े समय के लिए बर्तन धोया जा रहा था। इसी दौरान किसी ने उस समय का वीडियो बनाकर वायरल कर दिया।

खाद्य विभाग की निगरानी पर भी उठे सवाल

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि ढाबों और रेस्टोरेंट्स का नियमित और प्रभावी निरीक्षण होता, तो इस तरह की स्थिति सामने नहीं आती। लोगों का आरोप है कि निरीक्षण के नाम पर अक्सर केवल औपचारिकताएं पूरी की जाती हैं। लोगों ने जिले के दूसरे ढाबों और रेस्टोरेंट्स की भी जांच की जानी चाहिए।

खाद्य विभाग बोला- नोटिस जारी होगा

खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारी शांतनु भट्टाचार्य ने कहा कि जिले के सभी ढाबों और रेस्टोरेंट्स में नियमित जांच की जाती है। जहां भी कमियां मिलती हैं, वहां नियमानुसार कार्रवाई की जाती है।

उन्होंने कहा कि पापा ढाबा का जो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, उस पर संज्ञान लिया गया है। ढाबा संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी किया जाएगा। जवाब मिलने और जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *