छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है। टिकरापारा थाना क्षेत्र के संजय नगर में एक बैटरी कारोबारी, उसकी पत्नी और तीन बच्चों के शव घर के अंदर मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि कारोबारी ने पहले परिवार के सदस्यों को कथित रूप से जहरीला पदार्थ खिलाया और इसके बाद खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। हालांकि, पुलिस ने कहा है कि मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि पोस्टमॉर्टम और फोरेंसिक जांच के बाद ही होगी।
बंद घर से बदबू आने पर हुआ खुलासा
पुलिस के मुताबिक, संजय नगर में किराए के मकान में रहने वाले सय्यद शाहिद उर्फ सज्जू (45) पिछले करीब आठ महीने से अपने परिवार के साथ रह रहे थे। परिवार में उनकी पत्नी राबिया, बेटा इरशाद अली (19) और दो बेटियां शाहिदा (17) व इरशाबा बेगम (16) थीं।
बताया जा रहा है कि गुरुवार शाम के बाद परिवार का कोई सदस्य बाहर दिखाई नहीं दिया। शुक्रवार को पूरे दिन घर बंद रहा। देर रात पड़ोसियों को घर के भीतर से तेज बदबू आने लगी। कई बार आवाज देने के बाद भी कोई जवाब नहीं मिला, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
दरवाजा तोड़ते ही सामने आया दर्दनाक मंजर
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर घर में प्रवेश किया। अंदर का दृश्य देखकर पुलिसकर्मी भी स्तब्ध रह गए। कारोबारी का शव फंदे से लटका मिला, जबकि पत्नी और तीनों बच्चों के शव कमरे में जमीन पर पड़े थे। प्रारंभिक जांच में मृतकों के मुंह से झाग निकलने की बात सामने आई है।
कमरे से मिला कीटनाशक, जहर देने की आशंका
घटनास्थल से पुलिस ने खाने-पीने का सामान और कीटनाशक का एक डिब्बा बरामद किया है। इसी आधार पर शुरुआती आशंका है कि परिवार को पहले जहरीला पदार्थ दिया गया और बाद में कारोबारी ने आत्महत्या कर ली। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अंतिम निष्कर्ष पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही सामने आएगा।
फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फोरेंसिक विशेषज्ञ और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। देर रात तक घटनास्थल की बारीकी से जांच की गई और आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए गए। इसके बाद मकान को सील कर दिया गया। सभी शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है।
बिहार का रहने वाला था परिवार
पुलिस के अनुसार, सय्यद शाहिद मूल रूप से बिहार का रहने वाला था और पुरानी बैटरियों की खरीद-बिक्री का कारोबार करता था। उसका भाई रायपुर में ही रहता है, जिसने सभी शवों की पहचान की। पुलिस मकान मालिक और परिवार से जुड़े अन्य लोगों से भी पूछताछ कर रही है ताकि घटना के पीछे की वजह का पता लगाया जा सके।
हर पहलू से जांच जारी
पुलिस इस मामले में पारिवारिक, आर्थिक और अन्य संभावित कारणों की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की गहन जांच के बाद ही घटना के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।