Meta Pixel

भिलाई इस्पात संयंत्र में कर्मचारियों के बीच सुरक्षा जागरूकता सुदृढ़ करने हेतु लार्ज ग्रुप इंटरेक्शन (एलजीआई) कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित

Spread the love

भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) में औद्योगिक सुरक्षा संस्कृति को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बीच सुरक्षा संबंधी जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर लगातार लार्ज ग्रुप इंटरेक्शन (एलजीआई) कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से कर्मचारियों को पर्सनल प्रोटेक्टिव इक्विपमेंट (पीपीई), सेफ्टी सर्किल, फायर सेफ्टी तथा पेट्रोलियम एवं विस्फोटक सुरक्षा संगठन (पेसो) से संबंधित महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी प्रदान कर सुरक्षित कार्य संस्कृति को प्रोत्साहित किया जा रहा है।

इसी क्रम में 15 जुलाई 2026 को मानव संसाधन विकास केन्द्र में “सेफ्टी सर्किल” विषय पर एलजीआई का आयोजन किया गया, जिसमें 25 प्रतिभागियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में प्रतिभागियों को कार्यस्थल पर संभावित खतरों की पहचान, कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी, सुरक्षित कार्य व्यवहार को बढ़ावा देने तथा व्यावसायिक सुरक्षा में निरंतर सुधार के लिए सेफ्टी सर्किल की अवधारणा एवं उसके महत्व से अवगत कराया गया। महाप्रबंधक (सेफ्टी इंजीनियरिंग विभाग) श्रीमती पुष्पा एम्ब्रोस तथा इंस्ट्रुमेंटेशन विभाग के श्री विजेन्द्र सिंह ने प्रस्तुतियों एवं संवादात्मक चर्चा के माध्यम से कार्यस्थल पर सुरक्षा उपायों को और प्रभावी बनाने संबंधी जानकारी साझा की।

18 जुलाई 2026 को मानव संसाधन विकास केन्द्र में अधिकारियों के लिए “पर्सनल प्रोटेक्टिव इक्विपमेंट (पीपीई)” विषय पर एलजीआई का आयोजन किया गया, जिसमें 17 प्रतिभागियों ने सहभागिता की। सहायक प्रबंधक (एसएमएस-2) श्री सुमित कुमार ने सत्र का संचालन करते हुए व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरणों के सही चयन, उचित उपयोग तथा नियमित रखरखाव के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।

इससे पूर्व 30 जून 2026 को गैर-कार्यपालकों के लिए “फायर सेफ्टी” विषय पर एलजीआई आयोजित किया गया, जिसमें 31 कर्मचारियों ने भाग लिया। अतिरिक्त मुख्य अग्निशमन अधिकारी श्री संजय धवस तथा फायर ऑफिसर श्री अभिषेक कुमार ने प्रतिभागियों को अग्नि दुर्घटनाओं की रोकथाम, आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली तथा औद्योगिक प्रतिष्ठानों में सुरक्षित कार्य पद्धतियों की जानकारी प्रदान करते हुए अग्नि संबंधी जोखिमों को न्यूनतम करने के उपायों से अवगत कराया।

इसी श्रृंखला के अंतर्गत 21 जुलाई 2026 को अधिकारियों के लिए “पेट्रोलियम एवं विस्फोटक सुरक्षा संगठन (पेसो)” विषय पर एलजीआई का आयोजन किया गया। श्री ए नागेन्द्र ने सत्र का संचालन करते हुए पेट्रोलियम उत्पादों एवं विस्फोटकों के सुरक्षित भंडारण, संचालन एवं उपयोग से संबंधित वैधानिक प्रावधानों, नियामकीय ढांचे तथा सर्वोत्तम औद्योगिक सुरक्षा प्रथाओं की विस्तृत जानकारी दी।

भिलाई इस्पात संयंत्र द्वारा इस प्रकार के लार्ज ग्रुप इंटरेक्शन (एलजीआई) कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि अधिकारियों एवं कर्मचारियों को औद्योगिक सुरक्षा के विभिन्न आयामों से निरंतर अवगत कराया जा सके तथा संयंत्र में सुरक्षित, जागरूक एवं उत्तरदायी कार्य संस्कृति को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *