Meta Pixel

भाजपा का मिशन 2028 शुरू: सत्ता-संगठन में तालमेल पर जोर, प्रभारी मंत्रियों को दिए समन्वय के निर्देश

Spread the love

रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा ने आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए संगठन को मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। रायपुर में आयोजित प्रदेश पदाधिकारियों और कोर ग्रुप की बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश ने सत्ता और संगठन के बीच बेहतर समन्वय पर विशेष जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी प्रभारी मंत्री अपने-अपने जिलों के संगठन प्रभारियों के साथ मिलकर कार्य करें और हर महीने होने वाली जिला कोर ग्रुप की बैठकों में अनिवार्य रूप से शामिल हों।

बैठक में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उपमुख्यमंत्री अरुण साव को भी सत्ता और संगठन के बीच बेहतर तालमेल सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई।

कार्यकर्ताओं और बूथ संगठन पर रहेगा विशेष फोकस

बैठक में मिशन 2028 को लेकर संगठनात्मक रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई। भाजपा ने पहली बार बूथ स्तर के प्रमुख पदाधिकारियों जैसे बूथ प्रभारी, बूथ सचिव, बीएलओ-2, महिला प्रभारी और ‘मन की बात’ प्रभारी को पार्टी का आधिकारिक पहचान पत्र (आई-कार्ड) देने का फैसला किया है।

संगठन ने तय किया कि बूथ से लेकर जिला और प्रदेश स्तर तक नियमित समीक्षा बैठकें होंगी और कमजोर बूथों को मजबूत बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।

सत्ता-संगठन के बेहतर तालमेल पर मंथन

बैठक में इस बात पर भी जोर दिया गया कि सरकार और संगठन के बीच लगातार संवाद बना रहे ताकि कार्यकर्ताओं की समस्याओं का समय पर समाधान हो सके। शिव प्रकाश ने कहा कि कार्यकर्ताओं के काम प्राथमिकता के आधार पर होने चाहिए और समन्वय की कमी किसी भी स्तर पर नहीं दिखनी चाहिए।

उन्होंने सभी प्रभारी मंत्रियों को निर्देश दिया कि वे जिले के संगठन पदाधिकारियों के साथ नियमित संपर्क बनाए रखें और जिला कोर ग्रुप की मासिक बैठकों में सक्रिय भागीदारी निभाएं।

संगठनात्मक कार्यक्रमों की हुई समीक्षा

बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल के 12 वर्ष पूरे होने पर प्रदेशभर में आयोजित कार्यक्रमों की समीक्षा भी की गई। साथ ही संत रविदास की 650वीं जयंती के अवसर पर 23 जुलाई से शुरू होने वाले कार्यक्रमों और कार्यशालाओं की रूपरेखा पर चर्चा हुई।

इसके अलावा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को लेकर भी सरकार और संगठन की भूमिका तय करने पर विचार-विमर्श किया गया। इस अभियान के लिए उपमुख्यमंत्री अरुण साव को प्रदेश प्रभारी बनाया गया है।

वरिष्ठ नेताओं की रही मौजूदगी

बैठक में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पांडेय, लता उसेंडी, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, विजय शर्मा, ओपी चौधरी, केदार कश्यप, अमर अग्रवाल सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कोर ग्रुप के सदस्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *