दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में महिला की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि दोनों आरोपी महिला को पैसों का प्रलोभन देकर सुनसान स्थान पर ले गए थे। वहां कथित तौर पर महिला के साथ जबरदस्ती करने का प्रयास किया गया। विरोध करने और पुलिस में शिकायत की चेतावनी देने पर आरोपियों ने उसकी हत्या कर दी।
काम पर निकली महिला का झाड़ियों में मिला शव
पुलिस के मुताबिक, 16 जुलाई को मजदूरी के लिए निकली महिला देर रात तक घर नहीं लौटी। परिजनों ने उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई। उसी रात पुलगांव नाला फ्लाईओवर के पास झाड़ियों में एक महिला का शव मिला।
बाद में परिजनों ने उसकी पहचान भगवंतीन साहू के रूप में की। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में सिर, चेहरे और हाथ पर गंभीर चोटों की पुष्टि होने के बाद हत्या का मामला दर्ज किया गया।
300 से ज्यादा CCTV फुटेज से मिला सुराग
ASP सिटी सुखनंदन राठौर ने बताया कि शुरुआत में यह ब्लाइंड मर्डर था। पुलिस की विशेष टीम ने घटनास्थल की जांच के साथ 300 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले। स्थानीय लोगों, मजदूरों और ई-रिक्शा चालकों से पूछताछ के बाद जांच हर्ष यादव (19) और नितेश ठाकुर (20) तक पहुंची।
पूछताछ में दोनों ने पहले पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन तकनीकी साक्ष्यों के सामने आने पर उन्होंने कथित तौर पर अपराध स्वीकार कर लिया।
पैसों का प्रलोभन देकर सुनसान इलाके में ले गए
पुलिस के अनुसार, घटना वाले दिन दोनों आरोपी शराब के नशे में घूम रहे थे। तहसील कार्यालय के पास उनकी मुलाकात महिला से हुई। इसके बाद वे उसे पैसों का लालच देकर ई-रिक्शा से पुलगांव नाला के पुराने पुल के पास सुनसान स्थान पर ले गए।
वहां महिला के साथ जबरदस्ती करने का प्रयास किया गया। महिला के विरोध करने और पुलिस में शिकायत की बात कहने पर दोनों ने उसकी हत्या करने का फैसला किया।
पहले गला दबाया, फिर पत्थर से किए कई वार
पुलिस जांच के अनुसार, एक आरोपी ने गमछे से महिला का गला दबाया, जबकि दूसरे ने बड़े पत्थर से उसके सिर और चेहरे पर कई वार किए। बाद में दोनों ने मिलकर हमला किया, जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
सबूत मिटाने के लिए बदले कपड़े
घटना के बाद दोनों आरोपी पैदल पुलगांव चौक पहुंचे और वहां से लिफ्ट लेकर चंदखुरी चले गए। पुलिस से बचने के लिए उन्होंने कपड़े बदल दिए। एक आरोपी ने अपने कपड़े धोकर छिपा दिए, जबकि दूसरे ने कपड़े घर में रखवा दिए ताकि किसी को उन पर शक न हो।
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।



