‘जन नायगन:-‘ रिलीज होते ही सिनेमाघरों में जश्न, दमदार ओपनिंग से गूंजे थिएटर्स…
आखिरकार सुपरस्टार विजय की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘जन नायगन’ सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। तमिलनाडु समेत दक्षिण भारत के कई राज्यों में फिल्म को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। फर्स्ट डे-फर्स्ट शो देखने के लिए थिएटरों के बाहर लंबी कतारें लगी हैं और प्रशंसक जश्न में डूबे नजर आ रहे हैं।
करीब छह महीने की लंबी प्रतीक्षा और सेंसर से जुड़े विवादों के बाद फिल्म बड़े पर्दे पर पहुंची है। यही वजह है कि रिलीज के साथ ही इसे लेकर दर्शकों में गजब का क्रेज देखने को मिल रहा है। तमिलनाडु में 23 जुलाई का दिन फैंस के लिए किसी त्योहार से कम नहीं माना जा रहा।
एंट्री सीन ने लूटी महफिल
सोशल मीडिया पर फिल्म के एंट्री सीन के कई वीडियो वायरल हो रहे हैं। इनमें सुपरस्टार विजय जबरदस्त एक्शन करते नजर आ रहे हैं। जैसे ही अभिनेता स्क्रीन पर दिखाई दिए, दर्शकों ने तालियों, सीटियों और नारों से पूरा सिनेमाघर गुंजा दिया। उनका स्टाइल और स्क्रीन प्रेजेंस लोगों को खूब पसंद आ रहा है।
थिएटरों के अंदर दिखा गजब का क्रेज
फिल्म शुरू होते ही कई सिनेमाघरों में दर्शकों ने जमकर जश्न मनाया। वायरल वीडियो में लोग खुशी से नाचते, हूटिंग करते और अपने मोबाइल कैमरों में यादगार पल कैद करते दिखाई दे रहे हैं। कई थिएटर दर्शकों से पूरी तरह खचाखच भरे नजर आए।
बाहर भी दिखा सेलिब्रेशन
तमिलनाडु, बेंगलुरु और अन्य शहरों में सिनेमाघरों के बाहर सुपरस्टार विजय के विशाल कटआउट और पोस्टर लगाए गए हैं। बेंगलुरु के संध्या थिएटर के बाहर लगे बड़े कटआउट के साथ लोग सेल्फी लेते नजर आए। कई जगहों पर प्रशंसकों ने पटाखे फोड़े, ढोल-नगाड़ों पर डांस किया और फिल्म की रिलीज का जश्न मनाया। वहीं, मदुरई में कुछ प्रशंसकों ने अभिनेता के पोस्टर पर दूध चढ़ाकर अपनी खुशी जाहिर की।