बॉलीवुड अभिनेता रणबीर कपूर की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह बना हुआ है। निर्देशक नितेश तिवारी की इस मेगा बजट फिल्म में रणबीर भगवान श्रीराम की भूमिका निभा रहे हैं। हाल ही में अभिनेता ने खुलासा किया कि यह फिल्म उनकी बेटी राहा कपूर के लिए भी बेहद खास होने वाली है।
राहा पहली बार थिएटर में देखेगी फिल्म
हाल ही में आयोजित सैन डिएगो कॉमिक-कॉन 2026 के दौरान फिल्म की टीम ने प्रशंसकों से मुलाकात की। इस दौरान एक प्रशंसक ने कहा कि वह अपने बच्चों को रामायण दिखाना चाहते हैं ताकि वे भारतीय संस्कृति और पौराणिक कथाओं को बेहतर ढंग से समझ सकें।
इस पर रणबीर कपूर ने कहा कि वह भी इस बात को लेकर बेहद उत्साहित हैं। उन्होंने बताया कि ‘रामायण’ उनकी बेटी राहा की पहली फिल्म होगी, जिसे वह सिनेमाघर में बड़े पर्दे पर देखेंगी। अभिनेता ने कहा कि अपनी बेटी को पहली बार थिएटर में फिल्म दिखाने का अनुभव उनके लिए बेहद यादगार होगा।
दुनियाभर में होगी फिल्म की रिलीज
फिल्म के निर्माता नमित मल्होत्रा ने घोषणा की है कि सोनी पिक्चर्स एंटरटेनमेंट के सहयोग से रामायण को वैश्विक स्तर पर रिलीज किया जाएगा। उनका कहना है कि भारतीय पौराणिक कथा पर आधारित इस स्तर की प्रस्तुति पहली बार अंतरराष्ट्रीय दर्शकों तक इतने बड़े पैमाने पर पहुंचेगी।
ट्रेलर फिलहाल टला, दिवाली 2026 पर आएगा पहला भाग
फिल्म का ट्रेलर 24 जुलाई को जारी होने की चर्चा थी, लेकिन निर्माताओं ने फिलहाल इसकी रिलीज टाल दी है। दो भागों में तैयार की जा रही ‘रामायण’ का पहला पार्ट दिवाली 2026 के अवसर पर सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा।
फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच पहले से ही काफी उत्सुकता है और अब रणबीर कपूर के इस भावुक बयान ने इसकी चर्चा को और बढ़ा दिया है।