एशियन गेम्स 2026 के क्रिकेट प्रतियोगिता का शेड्यूल और ग्रुप्स घोषित कर दिए गए हैं। भारतीय पुरुष और महिला क्रिकेट टीमों को उनकी रैंकिंग के आधार पर सीधे क्वार्टर फाइनल में जगह मिली है। इस बार क्रिकेट प्रतियोगिता जापान के नागोया में टी-20 प्रारूप में आयोजित की जाएगी।
कब होंगे मुकाबले?
महिला क्रिकेट प्रतियोगिता 17 सितंबर से 22 सितंबर तक खेली जाएगी। इसके बाद पुरुष क्रिकेट टूर्नामेंट 24 सितंबर से शुरू होकर 1 अक्टूबर तक चलेगा।
पुरुष वर्ग में 10 टीमें लेंगी हिस्सा
मेंस क्रिकेट इवेंट में कुल 10 टीमें भाग लेंगी। भारत के अलावा बांग्लादेश, पाकिस्तान और श्रीलंका को सीधे क्वार्टर फाइनल में प्रवेश मिला है।
वहीं, अफगानिस्तान, हॉन्गकॉन्ग, जापान, मलेशिया, नेपाल और ओमान को पहले प्रारंभिक दौर (Preliminary Round) खेलना होगा। इन छह टीमों को दो ग्रुप में बांटा गया है और प्रत्येक ग्रुप से शीर्ष दो टीमें क्वार्टर फाइनल में पहुंचेंगी।
महिला टीम का पहला मुकाबला जापान से
महिला क्रिकेट प्रतियोगिता में कुल 8 टीमें हिस्सा लेंगी। इस इवेंट की शुरुआत सीधे क्वार्टर फाइनल मुकाबलों से होगी। भारतीय महिला टीम अपने पहले मैच में जापान का सामना करेगी।
2023 में भारत ने जीते थे दो गोल्ड मेडल
पिछले एशियन गेम्स 2023 में भारत ने क्रिकेट के दोनों वर्गों में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किए थे।
पुरुष वर्ग के फाइनल में बारिश के कारण मैच पूरा नहीं हो सका था, जिसके बाद बेहतर सीडिंग के आधार पर भारत को विजेता घोषित किया गया। वहीं महिला टीम ने फाइनल में श्रीलंका को हराकर गोल्ड मेडल जीता था।
अब भारतीय टीम 2026 एशियन गेम्स में अपने दोनों खिताब बचाने के इरादे से मैदान में उतरेगी।