Meta Pixel

स्वच्छ परिसर, सुरक्षित कार्यस्थल: कोक ओवन विभाग का प्रेरक अभियान

Spread the love

भिलाई इस्पात संयंत्र में कार्यस्थलों को अधिक स्वच्छ, सुरक्षित और सुंदर बनाने की दिशा में कोक ओवन एवं कोल केमिकल विभाग ने एक उल्लेखनीय पहल की है। विभाग के मुख्य महाप्रबंधक श्री तुलाराम बेहरा की प्रेरणा से सीएसपी-1 क्षेत्र में वर्षों से जमा मलबे और स्क्रैप को हटाने के लिए विशेष हाउसकीपिंग अभियान चलाया गया। लगभग 15 दिनों तक चले इस श्रमदान अभियान के दौरान विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों ने सामूहिक प्रयास से लंबे समय से उपेक्षित क्षेत्र को नया स्वरूप देने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किया।

कोक ओवन एवं कोल केमिकल विभाग के उप महाप्रबंधक (सीओसीसीडी- यांत्रिकी) श्री एस. बरगठ एवं उप महाप्रबंधक (सीओसीसीडी- प्रचालन) श्री सुनील गुप्ता के नेतृत्व में वरिष्ठ प्रबंधक श्री आनंद खरात, उप प्रबंधक श्री अभिलाष सिंह, अभियंता सहायक श्री मनोज शर्मा तथा सहायक महाप्रबंधक (टी एंड डी) श्री अवनीत शुक्ला सहित पूरी टीम ने अभियान के दौरान डंप कार की सहायता से लगभग 600 टन प्रोसेस डस्ट (मलबा) हटाया। इसके अलावा मैग्नेटिक फाउलर एवं ट्रकों की मदद से लगभग 80 टन स्क्रैप तथा दो ट्रक अनुपयोगी कन्वेयर बेल्ट का भी सुरक्षित निष्पादन किया गया।

मलबा हटने के बाद अब इस क्षेत्र में सौंदर्यीकरण एवं पौधारोपण का कार्य किया जाएगा। इससे परिसर न केवल अधिक स्वच्छ और हरित बनेगा, बल्कि रखरखाव की दृष्टि से भी अधिक सुरक्षित, सुगम और उपयोगी होगा। विभाग का मानना है कि स्वच्छ एवं व्यवस्थित कार्यस्थल कर्मचारियों में सकारात्मक कार्य संस्कृति, सुरक्षा के प्रति जागरूकता और बेहतर कार्य वातावरण विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

इस उल्लेखनीय अभियान की सफलता पर विभागाध्यक्ष श्री तुलाराम बेहरा, महाप्रबंधक (यांत्रिकी) श्री पी. शशिकांत तथा महाप्रबंधक (सीएसपी-प्रचालन) श्री ए.आर. साहू ने पूरी टीम की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार सामूहिक प्रयासों के माध्यम से स्वच्छता, सुरक्षा और उत्कृष्ट कार्य संस्कृति को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *