सेल- भिलाई इस्पात संयंत्र के कोक ओवन एवं कोल केमिकल विभाग के कोल सेक्शन में कर्मचारियों की सतर्कता एवं साहस के कारण संयंत्र की संपत्ति की चोरी का प्रयास विफल हो गया। कर्मचारियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए केबल चोरी कर रहे एक व्यक्ति को रंगे हाथों पकड़कर केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के हवाले कर दिया, जिससे संयंत्र की बहुमूल्य संपत्ति को नुकसान होने से बचाया जा सका।
इस सराहनीय कार्य के उपलक्ष्य में कार्यपालक निदेशक (संकार्य) श्री राकेश कुमार कोक ओवन एवं कोल केमिकल विभाग पहुंचे और घटना में साहस एवं सतर्कता का परिचय देने वाले कर्मचारियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि संयंत्र की संपत्ति हम सभी की साझा धरोहर है तथा इसकी सुरक्षा करना प्रत्येक कर्मचारी का दायित्व है। उन्होंने सभी कर्मचारियों से सदैव सजग एवं सतर्क रहकर किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना देने का आह्वान किया।
यह घटना 27 जुलाई 2026 को बी-शिफ्ट के दौरान रात्रि लगभग 9:30 बजे कोल वैगन टिपलर के वैगन पुशर-1 क्षेत्र में हुई। ड्यूटी के दौरान कर्मचारियों ने संदिग्ध गतिविधि देखी, जिसके बाद वहाँ कार्यरत प्रचालन एवं विद्युत अनुभाग के नियमित एवं संविदा कर्मियों ने बिना समय गंवाए मौके पर पहुंचकर जांच की। जांच के दौरान पाया गया कि एक व्यक्ति संयंत्र की केबल चोरी करने का प्रयास कर रहा था। कर्मचारियों ने साहस एवं सूझबूझ का परिचय देते हुए उसे मौके पर ही पकड़ लिया तथा आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए सीआईएसएफ को सौंप दिया।
इस अवसर पर विभाग के अधिकारियों ने कर्मचारियों की सतर्कता, टीम भावना एवं कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे उदाहरण न केवल संयंत्र की संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करते हैं, बल्कि पूरे संगठन में उत्तरदायित्व, सजगता एवं सुरक्षा के प्रति सकारात्मक कार्य संस्कृति को भी सुदृढ़ करते हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी कर्मचारी इसी प्रकार सजग रहकर संयंत्र की सुरक्षा एवं हितों की रक्षा में अपना महत्वपूर्ण योगदान देते रहेंगे।