Meta Pixel

बार एवं रॉड मिल ने ‘घर से घर तक’ सुरक्षा संवाद के माध्यम से परिवारों को बनाया सुरक्षा अभियान का सहभागी

Spread the love

सेल- भिलाई इस्पात संयंत्र के बार एवं रॉड मिल (बीआरएम) द्वारा संविदा कर्मियों एवं उनके परिवारजनों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से ‘घर से घर तक’ नामक एक अभिनव सुरक्षा संवाद कार्यक्रम का आयोजन मानव संसाधन- ज्ञानार्जन एवं विकास केन्द्र के सभागार में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य कार्यस्थल के साथ-साथ घर से कार्यस्थल और पुनः घर तक सुरक्षित जीवनशैली को अपनाने के प्रति जागरूकता विकसित करना तथा सुरक्षा संस्कृति को परिवार तक विस्तार देना था। कार्यक्रम में लगभग 80 संविदा कर्मियों एवं उनके परिजनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्य महाप्रबंधक (बार एवं रॉड मिल एवं यूनिवर्सल रेल मिल) श्री योगेश शास्त्री रहें।

मुख्य अतिथि श्री योगेश शास्त्री ने अपने संबोधन में कहा कि सुरक्षा केवल नियमों का पालन भर नहीं, बल्कि एक जिम्मेदार सोच और कार्यसंस्कृति का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि जब परिवार के सदस्य भी सुरक्षित कार्य व्यवहार के लिए प्रेरित करते हैं, तब कर्मचारी अधिक जिम्मेदारी एवं सजगता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करता है। उन्होंने व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण (पीपीई) के नियमित उपयोग, कार्यस्थल पर मोबाइल फोन के अनावश्यक उपयोग से बचने तथा क्रेन संचालन सहित सभी औद्योगिक गतिविधियों में निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करने पर विशेष बल देते हुए सभी से ‘शून्य दुर्घटना’ के लक्ष्य की प्राप्ति हेतु सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर बीआरएम विभाग के महाप्रबंधक (प्रचालन) श्री शाश्वत मोहंती, महाप्रबंधक (प्रचालन) श्री समीर पाण्डेय तथा महाप्रबंधक (विद्युत) श्री तुषार श्रीखंडे ने भी प्रतिभागियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि सुरक्षा को कार्यस्थल, घर एवं आवागमन तीनों ही स्तरों पर समान प्राथमिकता दिए जाने की आवश्यकता है। सुरक्षित व्यवहार को दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाकर ही दुर्घटनाओं की प्रभावी रोकथाम सुनिश्चित की जा सकती है।

कार्यक्रम के दौरान कारखाने में संभावित जोखिमों, असुरक्षित कार्य व्यवहार, दुर्घटनाओं के कारणों तथा उनके प्रभावी निवारण के व्यावहारिक उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण सुरक्षा प्रश्नोत्तरी रही, जिसका संचालन सहायक प्रबंधक एवं विभागीय सुरक्षा अधिकारी श्री शशांक शर्मा ने किया। प्रश्नोत्तरी के माध्यम से वास्तविक कार्यस्थल की परिस्थितियों को चित्रों एवं उदाहरणों द्वारा प्रस्तुत कर प्रतिभागियों को संभावित सुरक्षा जोखिमों की पहचान तथा उनके सुरक्षित समाधान की जानकारी दी गई।

प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के विजेताओं श्रीमती ज्ञानी साहू, श्रीमती सरस्वती गुप्ता, श्रीमती सौम्या कश्यप, श्रीमती योगिता साहू, श्रीमती दिलेश्वरी देवांगन, श्रीमती झामिन साहू, सुश्री शदफ, श्रीमती रत्ती देवांगन तथा बच्चों पल्लवी, आरोही, चारुल, ममता एवं किरण को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन सहायक महाप्रबंधक (बार एवं रॉड मिल) श्री सुनील कुमार सोनी ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *