Meta Pixel

दस वर्षों से निष्क्रिय सी-3 चेन कन्वेयर का पूर्ण इन-हाउस पुनरुद्धार, सिंटर प्लांट-3 ने किया सफलतापूर्वक कमीशन

Spread the love

सेल- भिलाई इस्पात संयंत्र के सिंटर प्लांट-3 (एसपी-3) ने रॉ मैटेरियल एरिया में वर्ष 2016 से निष्क्रिय पड़े सी-3 चेन कन्वेयर का पूर्णतः इन-हाउस संसाधनों से पुनरुद्धार कर सफलतापूर्वक पुनः कमीशन किया है। पुनर्निर्मित चेन कन्वेयर का उद्घाटन 28 जुलाई 2026 को महाप्रबंधक (मैकेनिकल, एसपी-3) श्री आई. वी. रमना द्वारा किया गया।

इस अवसर पर मुख्य महाप्रबंधक (एसपी-3) श्री सजीव वर्गीस, महाप्रबंधक प्रभारी (एसपी-3) श्री राहुल बिजुरकर, महाप्रबंधक प्रभारी (सीएमएम) श्री सुनील कुमार, महाप्रबंधक (ऑपरेशन, एसपी-3) श्री आर. डी. शर्मा, उप महाप्रबंधक (इलेक्ट्रिकल, एसपी-3) श्री दीपक कुमार गुप्ता सहित एसपी-3 के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

वर्ष 2016 में संबंधित डीडस्टिंग यूनिट के बंद होने के बाद सी-3 चेन कन्वेयर भी निष्क्रिय हो गया था। लंबे समय तक उपयोग में न रहने के कारण कन्वेयर में बड़ी मात्रा में सामग्री जमा हो गई थी तथा चेन लिंक और अन्य यांत्रिक अवयवों में व्यापक जंग लग जाने से यह पूरी तरह अनुपयोगी हो गया था। उपकरण के महत्व को देखते हुए महाप्रबंधक (मैकेनिकल, एसपी-3) श्री आई. वी. रमना के नेतृत्व में विभिन्न विभागों की संयुक्त टीम ने इसके पूर्ण पुनरुद्धार का कार्य इन-हाउस संसाधनों से प्रारंभ किया।

पुनरुद्धार कार्य के अंतर्गत सीएमएम समूह ने महाप्रबंधक प्रभारी (सीएमएम) श्री सुनील कुमार के नेतृत्व में चेन कन्वेयर के बॉक्स प्लेट, चेन लिंक तथा ड्राइव एवं टेल स्प्रॉकेट असेंबली को व्यवस्थित रूप से डिस्मेंटल किया। इसके पश्चात रॉ मैटेरियल एरिया ऑपरेशन टीम ने श्री एस. सी. चनवारिया एवं श्री अभिजीत रॉय के नेतृत्व में कन्वेयर बॉक्स, चेन लिंक तथा आसपास जमा सामग्री को पूरी तरह हटाया।

जाम एवं जंगग्रस्त चेन लिंक को मरम्मत हेतु एरिया रिपेयर शॉप भेजा गया, जहाँ उप महाप्रबंधक श्री एम. यू. राव, सहायक महाप्रबंधक श्री जितेश शाहानी, वरिष्ठ प्रबंधक श्री विपिन मौर्य तथा जूनियर इंजीनियर श्री सी. आर. खरे के मार्गदर्शन में नियंत्रित ताप उपचार एवं डीज़ल क्लीनिंग जैसी तकनीकों का उपयोग कर सभी चेन लिंक को पुनः उपयोग योग्य बनाया गया। इसी दौरान ड्राइव एवं टेल स्प्रॉकेट का भी पुनरुद्धार किया गया तथा क्षतिग्रस्त फ्लाइट सेक्शनों के स्थान पर नए फ्लाइट तैयार कर स्थापित किए गए।

मरम्मत पूर्ण होने के बाद सीएमएम समूह एवं एसपी-3 रॉ मैटेरियल एरिया मैकेनिकल मेंटेनेंस टीम ने संयुक्त रूप से सभी अवयवों को पुनः स्थापित किया। यह कार्य सहायक महाप्रबंधक श्री अजय श्रीवास्तव तथा उप प्रबंधक श्री आर. किंडो के नेतृत्व में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। वहीं इलेक्ट्रिकल मेंटेनेंस टीम ने श्री के. के. वर्मा एवं श्री अनिल खापेकलर के नेतृत्व में मोटर की ओवरहॉलिंग तथा पुश-बटन कंट्रोल पैनल का पुनरुद्धार किया। यांत्रिक एवं विद्युत कार्य पूर्ण होने के उपरांत सफल ट्रायल रन के बाद चेन कन्वेयर को पुनः कमीशन कर दिया गया।

पुनः संचालित सी-3 चेन कन्वेयर अब हैमर क्रशर क्षेत्र से उत्पन्न ईएसपी डस्ट के सुव्यवस्थित निष्पादन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा, जिससे हाउसकीपिंग व्यवस्था, सामग्री प्रबंधन तथा परिचालन की विश्वसनीयता में उल्लेखनीय सुधार होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *