Meta Pixel

साईं नगर उरलावासियों ने अधूरी नाली निर्माण को पूरा कराने दिया आवेदन

Spread the love

दुर्ग, 29 जुलाई 2026/ जिला कार्यालय के सभाकक्ष में कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह ने जनदर्शन कार्यक्रम में पहुंचे जनसामान्य लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनी। उन्होंने जनदर्शन में पहुंचे सभी लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और समुचित समाधान एवं निराकरण करने संबंधित विभागों को शीघ्र कार्यवाही कर आवश्यक पहल करने को कहा। जनदर्शन में डिप्टी कलेक्टर श्री सोनल डेविड भी उपस्थित थे। जनदर्शन में अवैध कब्जा, आवासीय पट्टा, प्रधानमंत्री आवास, भूमि सीमांकन कराने, सीसी रोड निर्माण, ऋण पुस्तिका सुधार, आर्थिक सहायता राशि दिलाने सहित विभिन्न मांगों एवं समस्याओं से संबंधित आज 98 आवेदन प्राप्त हुए। जनदर्शन के दौरान कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह ने प्राप्त अनेक आवेदनों पर त्वरित संज्ञान लिया। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को फोन कर प्रकरणों की जानकारी ली और आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए।
इसी कड़ी में वार्ड क्रमांक 58 साईं नगर उरला वासियों ने अधूरे नाली को पूरा कराने की मांग की। उन्होंने बताया कि करीब दो वर्ष पूर्व गली में सीसी रोड का निर्माण कराया गया था, लेकिन नाली निर्माण कार्य आधा ही किया गया, जिससे पानी निकासी की समस्या बनी हुई है। खाली जगहों में पानी जमा होने से मच्छर, कीड़े-मकोड़ों का खतरा बना रहता है। लगभग 200 मीटर शेष नाली निर्माण के लिए नगर निगम में आवेदन किया गया है। स्थानीय निवासियों ने दोनों ओर शेष नाली निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कराने की मांग की। इस पर कलेक्टर ने नगर निगम दुर्ग को निरीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही करने को कहा।
बनियापारा दुर्ग निवासी ने सुभाष नगर कन्हैयापुरी कसारीडीह में पिछले करीब 18 वर्षों से स्थापित मोबाइल टॉवर एवं अन्य उपकरणों को अनुबंध अवधि समाप्त होने के बाद भी नहीं हटाए जाने की शिकायत की। उन्होंने बताया कि टॉवर का अनुबंध वर्ष 2023 में समाप्त हो गया था। कंपनी के अनुरोध पर टॉवर हटाने के आश्वासन के साथ अवधि बढ़ाई गई, लेकिन तय समय बीतने के बाद भी टॉवर नहीं हटाया गया। कई बार संपर्क करने के बावजूद कंपनी की ओर से कोई कार्यवाही नहीं की गई है। लंबे समय से टावर लगे होने के कारण मकान की छत क्षतिग्रस्त हो रही है। इस पर कलेक्टर ई डिस्ट्रिक्ट मैनेजर को परीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही करने को कहा।
जनपद पंचायत धमधा अंतर्गत ग्राम पंचायत माटरा की महिला शक्ति संगठन स्व-सहायता समूह ने गजानंद डबरी को मछली पालन के लिए लीज पर देने की मांग की है। समूह की 11 सक्रिय महिला सदस्य डबरी में मछली पालन कर स्वरोजगार से जुड़ना चाहती हैं। महिला समूह ने बताया कि इस संबंध में पिछले वर्ष भी ग्राम पंचायत से अनुमोदन प्राप्त कर आवेदन दिया गया था, लेकिन कोई कार्यवाही नहीं हुई। महिला सदस्यों ने स्वरोजगार का अवसर उपलब्ध कराने की मांग की। इस पर कलेक्टर ने उप संचालक मत्स्योद्योग को आवश्यक कार्यवाही करने को कहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *