Meta Pixel

युवती ने मुस्लिम युवक पर पहचान छिपाने का लगाया आरोप:6 साल पहले दोस्ती, बाद में की थी शादी;बजरंग दल ने FIR की मांग की

Spread the love

राजधानी रायपुर के पंडरी थाना क्षेत्र में युवती ने मुस्लिम युवक पर नाम बदलकर दोस्ती करने और शादी करने का आरोप लगाया है। शिकायत के बाद मामला गरमा गया। बड़ी संख्या में बजरंग दल के कार्यकर्ता थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस ने युवती की शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि करीब 6 साल पहले उसकी मुलाकात युवक से हुई थी। युवक ने अपना नाम सोनू बताया था। दोनों के बीच दोस्ती हुई और बाद में शादी कर ली। आरोप है कि शादी के बाद उसे पता चला कि युवक का असली नाम सुफरान है। शिकायत के मुताबिक, शादी के बाद वह करीब एक साल तक पंडरी स्थित युवक के घर में उसकी नानी और बहनों के साथ रही।

6 साल पहले हुई थी मुलाकात, नाम बताया था सोनू

इस दौरान युवती गर्भवती हुई और उसने एक बेटे को जन्म दिया। पीड़िता का आरोप है कि बाद में सुफरान शेख हत्या के प्रयास के एक मामले में जेल चला गया, जहां वह एक साल से अधिक समय तक बंद रहा।

युवती का कहना है कि जेल से रिहा होने के बाद सुफरान ने बेटे को अपने पास रख लिया और उसे वापस नहीं दे रहा है। इसी मामले को लेकर उसने पंडरी थाने में शिकायत दर्ज कराई।

परिजनों ने आरोपों को बताया निराधार

युवक के परिजनों ने युवती के आरोपों को गलत और निराधार बताया है। उनका कहना है कि उन्होंने युवती को परिवार के सदस्य की तरह अपनाया था। उनका दावा है कि युवक के जेल जाने के बाद युवती ने खुद आधार केंद्र जाकर अपना नाम बदलवाया था।

मामले की जानकारी मिलते ही बजरंग दल के कार्यकर्ता पंडरी थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस दौरान कुछ देर के लिए थाने में तनाव की स्थिति बन गई।

पंडरी पुलिस ने शुरू की जांच

पंडरी थाना पुलिस का कहना है कि युवती की शिकायत और उपलब्ध दस्तावेजों के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *