Meta Pixel

हरिनंदन राजवाड़े हत्याकांड : पीड़ित परिवार से मिलीं विधायक शकुंतला पोर्ते, बोलीं- आरोपियों को बचाने वालों पर भी होगी कार्रवाई

Spread the love

सूरजपुर – जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र के चर्चित हरिनंदन राजवाड़े हत्याकांड को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते ग्राम गोंदा पहुंचीं और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिया। उन्होंने फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी, निष्पक्ष जांच और दोषियों को संरक्षण देने वालों पर भी कार्रवाई की मांग की।

पीड़ित परिवार से मिलकर दिया न्याय का भरोसा
ग्राम गोंदा पहुंचीं विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते ने मृतक हरिनंदन राजवाड़े के परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली। उन्होंने परिवार को आश्वस्त किया कि मामले में न्याय दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाएगी।

एसपी, कलेक्टर और मुख्यमंत्री से चर्चा का आश्वासन
विधायक ने कहा कि वह इस मामले को लेकर जिले के पुलिस अधीक्षक, कलेक्टर और मुख्यमंत्री से चर्चा करेंगी। उन्होंने फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी, निष्पक्ष जांच और मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभावी कार्रवाई की मांग उठाई। विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते ने कहा कि केवल आरोपी ही नहीं, बल्कि यदि किसी ने उन्हें बचाने या जांच को प्रभावित करने का प्रयास किया है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने मामले में पारदर्शी जांच की आवश्यकता पर जोर दिया।

ग्रामीणों ने पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल
घटना को लेकर ग्रामीणों में भी भारी आक्रोश है। ग्रामीणों ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए लापरवाही का आरोप लगाया और चेतावनी दी कि यदि दोषियों के खिलाफ जल्द कड़ी कार्रवाई नहीं हुई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।

क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, प्रतापपुर थाना क्षेत्र के ग्राम गोंदा निवासी हरिनंदन राजवाड़े अपने एक परिचित के घर बैठे हुए थे। इसी दौरान केवरा गांव के कुछ युवक पुरानी मारपीट की रंजिश को लेकर वहां पहुंचे और हरिनंदन के साथ मारपीट करते हुए उसे जबरन अपने साथ ले गए। आरोप है कि गांव से करीब पांच किलोमीटर दूर ले जाकर उसकी बेरहमी से पिटाई की गई, जिससे उसकी मौत हो गई। मामले में 10 लोगों पर हत्या का आरोप है। वहीं, घटना के बाद आरोपियों को 24 घंटे के भीतर जमानत मिलने की जानकारी सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी और बढ़ गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *